नई दिल्ली, (वार्ता) तेजी से विकसित होते ब्रिक्स देशों के आपसी आर्थिक संबंधों को सुदृढ़ करने और एक दूसरे को सहयोग करने के लिए आज यहां ब्रिक्स व्यापार सम्मेलन शुरू हो गया।
तीन दिन के सम्मेलन में ब्रिक्स सदस्य ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका के व्यापार मंत्री, कारोबारी, उद्योगपति और वरिष्ठ अधिकारी आपसी हितों पर चर्चा करेंगे और आर्थिक समस्याओं से निपटने में अपने अनुभव साझा करेंगे। सम्मेलन में नवाचार पर खास जोर दिया जा रहा है। सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन शाम को उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी और केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री निर्मला सीतारमण करेंगे। इस अवसर पर ब्रिक्स देशों के व्यापार मंत्री भी मौजूद रहेंगे।
ब्रिक्स के 15 अक्टूबर से गोवा में शुरू हो रहे शिखर सम्मेलन से पहले नयी दिल्ली में 12 अक्टूबर से इन देशों की साझेदारी को बढ़ावा देने और रणनीति तय करने के लिए ब्रिक्स व्यापार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 14 अक्टूबर तक चलेगा और इस दौरान बिजनेस फोरम और व्यापार परिषद के भी आयोजन होंगे।
ब्रिक्स व्यापार मेले का मुख्य विषय ‘ब्रिक्स का गठन-सहयोग के लिए नवाचार’ है। इससे अंतर ब्रिक्स आर्थिक संबंधों और व्यापारिक समुदायों के बीच संपर्क को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। मेले में करीब 20 महत्वपूर्ण क्षेत्रों को प्रदर्शित किया जायेगा।
इनमें एयरो स्पेस, कृषि प्रसंस्करण, ऑटो और ऑटो उपकरणों, रसायनों, स्वच्छ ऊर्जा और नवीकरणीय ऊर्जा, स्वास्थ्य और औषधि, रेलवे, कपड़ा तथा परिधान, बुनियादी ढांचा, सूचना प्रौद्योगिकी, इंजीनियङ्क्षरग सामान, पर्यटन, रत्न एवं आभूषण और कौशल विकास शामिल हैं।



0 comments:
Post a Comment