इस्लामाबाद, (वार्ता) पाकिस्तान ने भारत के विरूद्ध द्विपक्षीय वार्ता से मुकरने का आरोप लगाया है और कहा है कि उसकी नीतियों के कारण न केवल दक्षिण एशिया बल्कि उसके बाहर भी शांति तथा स्थिरता के लिए खतरा पैदा हो रहा है।
जेनेवा में पाकिस्तान की स्थाई प्रतिनिधि तहमीना जंजुआ ने कल संयुक्त राष्ट्र की निरस्त्रीकरण तथा अन्तर्राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी समिति की बैठक में कहा कि पाकिस्तान परमाणु परीक्षण प्रतिबंध के संबंध में भारत से द्विपक्षीय बातचीत चाहता है किन्तु उसकी ओर से हमारे देश को आज तक कोई उत्तर नहीं मिला है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सुरक्षा मामलों में भी भारत के साथ सार्थक बातचीत शुरू करना चाहता है किन्तु भारत इसके लिए भी तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि दक्षिण एशिया में शांति तथा स्थिरता तभी कायम हो सकती है जब कश्मीर संबंधी अन्य विवादास्पद मुद्दों पर बातचीत शुरू होगी और परमाणु तथा मिसाइल नियंत्रण पर दोनों देशों के बीच सहमति बनेगी।
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही परम्परागत अस्त्रों के मामले में भी दोनों देशों के बीच संतुलन कायम करने पर सहमति बनायी जानी चाहिये।



0 comments:
Post a Comment