श्रीनगर, ( न्यूज नेटवर्क ) पीओके में आतंकियों के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से सीमा पर पाकिस्तान की ओर से संघर्ष विराम का लगातार उल्लंघन किया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर में हीरानगर सेक्टर के बोबिया चौकी पर शुक्रवार सुबह भी पाकिस्तान की ओर से फायरिंग हुई। टीवी रिपोर्ट्स के अनुसार इस पर बीएसएफ ने जवाबी फायरिंग की जिसमें सात पाकिस्तानी रेजर्स मारे गए और तीन घायल हो गए हैं।
इसी के साथ सूचना है कि एक आतंकवादी को मारने में भी बीएसएफ ने सफलता हासिल की है। पाकिस्तान की तरफ से संघर्षविराम के उल्लंघन के चलते सीमांत ग्रामीणों को बुलेटप्रूफ गाड़ियों में बैठाकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। आप-पास के सीमा से सटे सभी गांवों को खाली करवा लिया गया है।
कठुआ में घुसपैठ की कोशिश नाकाम
इससे पहले कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रॉकेट वाले ग्रेनेडों (आरपीजी) की भारी गोलाबारी के बाद सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने बुधवार देर रात छह आतंकवादियों के एक दल की घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी थी। इस घटना से संबंधित एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें दिखा कि कैसे आतंकी भारतीय सीमा में दाखिल हो रहे हैं। जब भारतीय जवानों ने कार्रवाई की तो वे भाग निकले।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सात करीब पौने बारह बजे कठुआ में चार से छह आतंकवादियों के एक दल ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के इस पार आने की कोशिश की, उसने गश्ती वाले जवानों को लेकर जा रहे एक वाहन पर आरपीजी से हमला किया। उसके बाद दोनों पक्षों में भीषण गोलीबारी हुई।
अधिकारी के अनुसार यह वाहन घुसपैठ के प्रयास के वक्त सीमा पर गश्ती पर था। सीमा की चौकसी करने वाले बीएसएफ प्रहरियों ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों पक्षों के बीच करीब 20 मिनट पर गोलीबारी चली। माना जा रहा है कि इस घुसपैठ के समर्थन में पाकिस्तान की अग्रिम चौकी से गोलियां दागी गयीं।
उन्होंने कहा, चूंकि अग्रिम चौकी समीप में ही है, अतएव रेंजर्स ने रणनीतिक सहयोग किया। अधिकारी ने बताया कि जब बीएसएफ ने इलाके में रोशनी के लिए पैराबम दागे तब आतंकवादी भाग गए और वे अपने एक घायल साथी को ले जाते हुए नजर आए। उन्होंने कहा, हमारी तरफ सबकुछ ठीकठाक है।



0 comments:
Post a Comment