ठंदिरापुरम, ( प्रमुख संवाददाता ) विदेशों में फ्लैट और स्काई वाक का सपना दिखाकर करीव 150 लोगों के साथ ठगी का मामला सामने आया है। ठगे जाने वाले अधिकांश लोग हाईप्रोफाइल हैं। इस मामले में एक पीड़ित ने थाना इंदिरापुरम में एक बिल्डर के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई है। बताया जा रहा है आरोपी बिल्डर व उसकी पत्नी इंदिरापुरम की विंडसर सोसायटी में रहते थे लेकिन अब फरार है।
जानकारी के अनुसार इंदिरापुरम की एटीएस सोसायटी में कृष्णपाल सिंह अपने परिवार के साथ रहते है। उन्होंने ने बताया कि दो साल पहले उन्होंने ग्रेटर नोएडा में चल रहे वैल्यू इंफ्रा बिल्ड इंडिया लिमिटेड के बिल्डर राजीव भल्ला और सोनिया भल्ला के प्रोजेक्ट में फ्लैट बुक कराया था। उनके साथ उनके एक दोस्त नरेश ने भी फ्लैट बुक कराया था। उस समय बिल्डर ने उनसे 14 लाख व उनके दोस्त नरेश के भतीजे की बहू अनु जैन से 14 लाख रुपये चेक के जरिए लिए थे। इसके साथ ही इंदिरापुरम के रहने वाले पीके राय से आठ लाख और अंकुर चैहान से 26 लाख रुपये लिए थे। बिल्डर ने गाजियाबाद, नोएडा, दिल्ली के रहने वाले करीब 150 लोगों से करोड़ों रुपये लिए। उसके बाद 2015 में अचानक बिल्डर ने अपना प्रोजेक्ट किसी और को बेच दिया।
पीड़ितों नेे बताया कि बिल्डर ने जब उन्हें फ्लैट दिखाया तो कहा था कि बिल्कुल विदेशों जैसी कांच की बनी बिल्डिंग बनाई जाएगी। इसके साथ हर एक टावर को दूसरे टावर से जोड़ने के लिए एक प्लेट फार्म बनाया जाएगा जिससे स्काई वाॅक कर लोग एक टावर से दूसरे टावर जा सकेंगे। बिल्डर ने यह भी सपना दिखाया था सोसायटी में हर एक फ्लैट में पूरा फर्नीचर व सारी सुख सुविधाएं कंपनी की ओर से दी जाएंगी। इसके बाद लोग उसके दिखाए सपने में फंस गए और बिल्डर ने सभी से रुपये फ्लैट बुक कराने के नाम पर ले लिए। पीड़ितों ने बताया कि बिल्डर ने रुपये लेते समय कहा था कि वह रुपये लेने के बाद हर महीने दो से तीन प्रतिशत रिटर्न देगा जिसमें लोगों का ही फायदा है। मगर एक भी महीने रिटर्न नहीं दिया। उसने दो साल में कब्जा देने का भी वायदा किया था।
उधर थानाध्यक्ष इंदिरापुरम का कहना है कि मामले में एफआइआर दर्ज कर ली गई है। फरार बिल्डर की तलाश की जा रही है। उसके फोन नंबरों को ट्रेस किया जा रहा है।


0 comments:
Post a Comment