नई दिल्ली, ( न्यूज नेटवर्क ) भारत के टॉप ऑर्डर के फेल होने के बाद वनडे सीरीज के दूसरे मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को 6 रन से हरा दिया। इस रोमांचक मैच में आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए 10 रन बनाने थे लेकिन इससे पहले ही टीम इंडिया ऑल आउट हो गई। इससे पहले न्यूजीलैंड ने कप्तान विलियम्सन की शानदार सेन्चुरी (118) के दम पर 50 ओवरों में 9 विकेट पर 242 रन बनाए। जवाब में टारगेट का पीछा करते हुए टीम इंडिया 50 ओवर में 236 रन ही बना पाई। भारत की ओर से केदार जाधव (41), एमएस धोनी (39) और हार्दिक पांड्या (36) हाईएस्ट स्कोरर रहे। आखिरी ओवर में 10 रन नहीं बना पाई टीम इंडिया ।
एक वक्त पर ये मैच करीब-करीब भारत के हाथ से निकल गया था, लेकिन आखिरी ओवरों में हार्दिक पांड्या और उमेश यादव ने 49 रन की पार्टनरशिप करके टीम को वापस मैच में ला दिया। हालांकि 49वें ओवर में पांड्या के आउट होने के बाद फिर भारत के हाथ से मैच निकल गया। आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए 10 रन चाहिए थे, लेकिन बुमराह के आउट होने से टीम के हाथ से जीत निकल गई।
कैसी रही भारत की बैटिंग
भारत का पहला विकेट रोहित शर्मा (15) का रहा। वे बोल्ट की बॉल पर रोन्ची को कैच दे बैठे। इसके बाद अगले बैट्समैन के रूप में आए विराट कोहली भी थोड़ी देर बाद ही आउट हो गए। कोहली 9 रन बनाकर सैंटनर की बॉल पर आउट हो गए। उनका कैच रोन्ची ने लिया। थोड़ी देर बाद अजिंक्य रहाणे (28) भी आउट हो गए। उन्हें साउदी की बॉल पर एंडरसन ने कैच कर लिया। मनीष पांडेय (19) आउट होने वाले चौथे प्लेयर रहे। वे रन आउट हो गए। अबतक भारत का स्कोर 19.2 ओवर में 4/73 था। इसके बाद अगले कुछ ओवर्स तक कोई विकेट नहीं गिरा। इस बीच धोनी और केदार जाधव के बीच 66 रन की पार्टनरशिप हुई। भारत को पांचवां झटका केदार जाधव का लगा। वे 41 रन बनाकर हेनरी की बॉल पर रोन्ची को कैच दे बैठे। छठा विकेट कप्तान धोनी (65 बॉल, 39 रन) का रहा। वे साउदी की बॉल पर उन्हीं को कैच देकर आउट हो गए। 41वें ओवर में भारत के दो विकेट गिरे। गुप्टिल ने पहले अक्षर पटेल (17) को आउट किया, फिर अमित मिश्रा (1) को भी पवेलियन भेज दिया।
11 साल बाद कोटला में मिली हार
टीम इंडिया 11 साल बाद कोटला ग्राउंड पर कोई मैच हारी है। इससे पहले भारत को 2005 में पाकिस्तान ने हराया था। इस ग्राउंड पर भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड की ये पहली जीत है। इससे पहले 1994 और 1999 में हुए दोनों वनडे भारत ने जीते थे।
कैसी थी न्यूजीलैंड की इनिंग
कप्तान केन विलियम्सन की सेन्चुरी (118) और लाथम के 46 रन की बदौलत न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 242 रन बनाए। मेहमान टीम की हालत इसी बात से समझी जा सकती है कि उनके सात बैट्समैन का स्कोर 10 रन से कम ही रहा। भारत के लिए अमित मिश्रा और जसप्रीत बुमराह ने 3-3 विकेट झटके। बेहद खराब शुरुआत के बाद न्यूजीलैंड की हालत एक वक्त पर बेहद मजबूत हो गई थी। 40 ओवर तक टीम का स्कोर 202 रन था और उसके केवल 3 बैट्समैन आउट हुए थे। लेकिन अगले 10 ओवर्स में बैट्समैन टीम के स्कोर में केवल 40 रन और ही जोड़ पाए, इस बीच उनके 6 विकेट और गिर गए।
कैसे आउट हुए न्यूजीलैंड के प्लेयर्स
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बिल्कुल भी अच्छी नहीं रही और दूसरी बॉल पर ही पहला विकेट गिर गया। मार्टिन गुप्टिल (0) को पहले ही ओवर की दूसरी ही बॉल पर उमेश यादव ने बोल्ड कर दिया। इसके बाद बैटिंग करने आए केन विलियम्सन और दूसरे छोर पर खड़े टॉम लाथम ने काफी संभलकर बैटिंग की। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 120 रन जोड़े। न्यूजीलैंड को दूसरा झटका 21वें ओवर में लगा। जब फिफ्टी के करीब पहुंचकर लाथम (46), केदार जाधव की बॉल पर lbw हो गए। इस वक्त टीम का स्कोर 2/120 रन था। इसके बाद बैटिंग करने आए रॉस टेलर ने विलियम्सन के साथ मिलकर 38 रन जोड़े।
अमित मिश्रा ने टेलर (21) को आउट कर न्यूजीलैंड को तीसरा झटका दिया। रोहित ने टेलर का कैच लिया। अगला विकेट कोरी एंडरसन (21) का रहा। उन्हें अमित मिश्रा ने lbw आउट किया। वे विलियम्सन के साथ 46 रन जोड़कर आउट हुए। पांचवां विकेट कप्तान विलियम्सन (118) का रहा। उन्हें अमित मिश्रा की बॉल पर अजिंक्य रहाणे ने कैच किया। अक्षर पटेल ने रोन्ची (6) को आउट कर मेहमान टीम को छठा झटका दिया। इसके बाद बुमराह ने दो ओवर में देवसिच (7), साउदी (0) और हेनरी (6) को आउट कर न्यूजीलैंड के बाकी 3 विकेट लिए।
विलियम्सन ने लगाई सेन्चुरी
गुप्टिल के आउट होने के बाद बैटिंग करने आए कप्तान केन विलियम्सन ने इस मैच में 118 रन बनाए। शुरू में धीमे खेल रहे विलियम्सन ने क्रीज पर जमने के बाद बड़े शॉट लगाने शुरू कर दिए। विलियम्सन ने 56 बॉल पर अपनी फिफ्टी पूरी की। वहीं सेन्चुरी के लिए उन्होंने 109 बॉल खेलीं। विलियम्सन ने लाथम के साथ 120, एंडरसन के साथ 46 और टेलर के साथ 38 रन की पार्टनरशिप की। 118 रन की इनिंग में विलियम्सन ने 14 चौके और 1 सिक्स लगाया। वनडे में भारत के खिलाफ सेन्चुरी लगाने वाले केन विलियम्सन न्यूजीलैंड के तीसरे कप्तान हैं।
भारी पड़ा धोनी का छोड़ा कैच
19.1 ओवर में अक्षर पटेल की बॉल पर धोनी ने केन विलियम्सन का एक आसान कैच छोड़ दिया। उस वक्त विलियम्सन 59 रन पर बैटिंग कर रहे थे। ये कैच टीम इंडिया को काफी भारी पड़ा।



0 comments:
Post a Comment