लखनउ, (भाषा) उत्तर प्रदेश पुलिस के आतंकवाद रोधी दस्ते :एटीएस: ने दो और नक्सलियों को पकडने में सफलता हासिल की है।
रविवार को एटीएस ने दस नक्सली गिरफ्तार किये थे, जो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में दीवाली से पहले हमले की साजिश रच रहे थे। इन्हीं गिरफ्तार नक्सलियों में से चार ने पूछताछ के दौरान अपने बाकी दो साथियों के बारे में बताया।
एटीएस प्रवक्ता ने आज बताया कि धरमवीर सिंह यादव और सिपाही राम को बिहार में रोहतास जिले के दरीगांव से गिरफ्तार किया गया। दरीगांव उत्तर प्रदेश की सीमा से सटा है। गिरफ्तार दोनों नक्सली नोएडा में अडडा बनाने की फिराक में थे।
रोहतास बिहार के नक्सल हिंसा प्रभावित छह जिलों में से एक है। यह उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के निकट है, जहां से रविवार को एक माओवादी को पकडा गया था। रविवार को ही नौ अन्य नक्सली नोएडा से गिरफ्तार किये गये थे।
रविवार को पकडे गये नक्सलियों में से रंजीत पासवान, कृष्ण कुमार, पवन कुमार झा और आशीष सारस्वत की निशानदेही पर धरमवीर और सिपाही को गिरफ्तार किया गया। एटीएस ने रविवार को पकडे गये नक्सलियों को सात दिन की हिरासत में लिया था।
एसटीएफ ने रविवार को पकडे गये नक्सलियों के बारे में बताया था कि वे बम बनाने में माहिर हैं और दिल्ली एवं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र :एनसीआर: में कई बडी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।


0 comments:
Post a Comment