पंजाब: जेल पर हमला, खालिस्तान लिबरेशन फोर्स के चीफ समेत 6 कैदी फरार, सुपरिटेंडेंट बर्खास्त - Jail Break in Punjab



पंजाब की नाभा जेल से कैदियों को भगाकर ले जाने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां 10 हथियारबंद बदमाशों ने जेल में घुसकर फायरिंग की और खालिस्तान लिबरेशन फोर्स के चीफ समेत 6 कैदियों को अपने साथ छुड़ा ले गए.  वारदात रविवार सुबह की है. सूत्रों के मुताबिक, नाभा जेल में अचानक 10 हथियारबंद बदमाश सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट करते हुए जेल में घुसे. सभी बदमाशों ने पुलिस की वर्दी पहनी हुई थी. जेल में दाखिल होते ही बदमाशों ने करीब 100 राउंड फायरिंग की. जिसके बाद बदमाश खालिस्तान लिबरेशन फोर्स के चीफ हरमिंदर सिंह मिंटू को अपने साथ जेल से छुड़ा ले गए. साथ ही बदमाश जेल में बंद 5 अन्य कैदियों को भी अपने साथ ले गए. फरार कैदियों के नाम गुरप्रीत सिंह, विक्की डोंगरा, नितिन देओल, विक्रमजीत सिंह और विक्की हैं. कैदियों के फरार होने के बाद पंजाब पुलिस ने हाई अलर्ट घोषित कर दिया है. पुलिस आसपास के सभी इलाकों में नाकेबंदी कर गाड़ियों की तलाशी ले रही है. सूत्रों के हवाले से मिली खबर के मुताबिक, आईएसआई ने खालिस्तान समर्थक आतंकियों के साथ मिलकर इस वारदात की साजिश रची थी. पुलिस ने बताया कि पुलिस की वर्दी में आए बदमाशों ने जेल पर हमला किया और अंधाधुंध गोलीबारी की. जिसके बाद बदमाश जेल से खूंखार आतंकवादी और खालिस्तान लिबरेशन फोर्स के सरगना हरमिंदर सिंह मिंटू समेत 6 कैदियों को छुड़ा ले गए. गौरतलब है कि मिंटू को पंजाब पुलिस ने 2014 में दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पकड़ा था. मिंटू को सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह पर 2008 में हुए हमले तथा 2010 में हलवाड़ा वायुसेना स्टेशन में विस्फोटक मिलने सहित 10 मामलों में गिरफ्तार किया गया था.
Jail Break in Punjab



Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment