नई दिल्ली। नोटबंदी पर मंगलवार को दोनों सदनोंं में जबरदस्त हंगामा हुआ। इसके चलते राज्यसभा की कार्यवाही को 12 बजे तक और लोकसभा की कार्यवाही को 11:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। विपक्ष सदन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी मांगने की मांग पर कायम दिखाई दिया। विपक्ष के हंगामे पर केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू का कहना था कि सरकार चर्चा कराना चाहती है लेकिन विपक्ष इससे बच रहा है। इसकी जगह वह आक्रोश दिवस मना रहा है जिसका लोग मजाक उड़ा रहे हैं।
सरकार की सफाई, विपक्ष का वार
इस दौरान भाजपा नेता अनंत कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री देश को कै शलैस इकनॉमी बनाना चाहते हैं, इसमें सभी को सहयोग करना चाहिए। उनका कहना है कि सरकार टैक्स नियमों में बदलाव कर रही है जिसका फायदा किसानों समेत अन्य लोगों को होगा। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के अहमद पटेल का कहना है कि सरकार ने गरीबों के लिए कुछ नहीं किया है। इससे पूर्व हुई विपक्ष की बैठक में तय किया गया कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी की मांग करेंगे। साथ ही नोटबंदी पर उनसे बयान देने की भी मांग की जाएगी।
नोटबंदी पर लगातार सदन में जारी है हंगामा
नोटबंदी पर सदन में सोमवार को भी जमकर हंगामा हुआ था। दोनों सदनों में विपक्ष ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री से बयान देने की मांग की। इस मांग को दोहराते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सदन में आकर विपक्ष से बात करने दीजिए। इसके बाद उन्होंने अन्य सदस्यों के साथ मिलकर संसद भवन परिसर में स्थित गांधी मूर्ति के पास सरकार के खिलाफ धरना भी दिया।



0 comments:
Post a Comment