ट्रेन दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को दो लाख की राहत राशि Two lakh to the kin of those killed in the train accident relief



नयी दिल्ली (वार्ता) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश में कानपुर देहात के पुखरायां रेलवे स्टेशन के पास आज तडके इन्दौर-पटना एक्सप्रेस दुर्घटना में मारे गये लोगों के परिजनों को राहत राशि देने की घोषणा की है।
श्री मोदी ने दुर्घटना पर दुख जताते हुये ट्वीट किया पटना-इंदौर एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के कारण हुई मौतों को लेकर हो रहे दुख को शब्दों में बयां नहीं कर सकता। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। उन्होंने दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजन को प्रधानमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को पचास-पचास हजार रुपये की राहत राशि देने की घोषणा की।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को पचास-पचास हजार रुपये की राहत राशि देने की घोषणा की।
इससे पहले रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने भी दुर्घटना में हताहत हुये लोगों के लिये राहत राशि देने की घोषणा की।
श्री प्रभु ने कहा कि दुर्घटना मे मारे गये लोगों के परिजनों को राहत राशि के तौर पर साढ़े तीन लाख रुपये दिये जायेंगे जबकि गंभीर रुप से घायलों को 50 हजार रुपये और साधारण रुप से चोटिल होने वाले यात्रियों को 25 हजार रुपये काी राशि दी जायेगी।
श्री प्रभु ने ट्वीट कर कहा कि राहत और बचाव कार्य की निगरानी के लिये वह खुद ही दुर्धटना स्थल की तरफ रवाना हो चुके है। उन्होंने कहा  मैं खुद दुर्घटनास्थल की तरफ जा रहा हूं। मैं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के संपर्क में हूं। लोगों को राहत और बचाव मुहैया करने के लिय हम साथ मिल कर काम कर रहे। श्री प्रभु ने कहा कि रेलवे सुरक्षा आयुक्त इस हादसे की जांच करेंगे और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने रेलवे के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक और रेल सुरक्षाबल महानिदेशक को घटना स्थल स्थल पर तुरंत पहुंचने का निर्देश दिया है।
रेलवे बोर्ड में सदस्य मोहम्मद जमशेद बोर्ड स्थित कंट्रोल रूम से राहत एवं बचाव अभियान का समन्वयन का काम कर रहे हैं।
आज तड़के करीब तीन बजे मध्य प्रदेश के इंदौर से बिहार की राजधानी पटना जा रही इंदौर-पटना एक्सप्रेस ट्रेन (19321) कानपुर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
इस हादसे में खबर लिखे जाने के समय कम से कम 115 लोगों की मौत हो गई, जबकि 200 से अधिक घायल हुये हैं।




Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment