उम्मीदवार निर्वाचन आयोगके दिशा निर्देशों के अनुरूप अपना प्रचार प्रसार करें Election candidates to disseminate their guidelines



गाजियाबाद, ( संवाददाता ) कलक्ट्रेट सभाकक्ष में निर्वाचन आयोग के प्रेक्षकगण श्रीमोहनलाल मीना, डा0 पृथ्वीराज, यशवन्त कुमार तथा प्रेक्षक पुलिस जितेन्द्र कुमार सिंह व जिला निर्वाचन अधिकारी निधि केसरवानी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने जनपद में विधान सभा निर्वाचन लड़ रहे राजनैतिक दलों व प्रत्याशियों के साथ एक बैठक करके निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के बारे में जानकारी दी। प्रेक्षकगण ने  कहा कि निर्वाचन आयोग निष्पक्ष, स्वतन्त्र एवं पारदर्शी चुनाव सम्पन्न कराने हेतु कटिबद्ध है। आयोग की मंशा है कि सभी उम्मीदवार व मतदाता स्वतन्त्र व भयमुक्त होकर लोकतन्त्र के इस महापर्व में भाग लें। उन्होंने बताया कि चुनाव में भाग ले रहे प्रत्याशी अपने प्रचार व्यय का दैनिक रूप से अंकन रजिस्टर में करेंगे और उसका निरीक्षण समय-समय पर सम्बन्धित अधिकारी को करायेंगे। एक प्रत्याशी अपने  निर्वाचन में अधिकतम 28 लाख रूपये व्यय कर सकता है। इसी सीमा के अन्तर्गत प्रत्याशियों को अपना चुनाव प्रचार व्यय सीमित रखना होगा। उम्मीदवार को अपना लेखा रजिस्टर प्रचार अवधि के दौरान कम से कम तीन बार निरीक्षण के लिए प्रस्तुत करना होगा। 
इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी निधि केसरवानी ने निर्वाचन लड़ रहे प्रत्याशियों को चुनाव में किये जाने वाले व्यय के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक उम्मीदवार को निर्वाचन व्यय के प्रयोजन हेतु एक अलग बैंक खाता खोला जाना अनिवार्य है। वह चाहें तो स्वयं अपने नाम से या अपने निर्वाचन एजेन्ट के साथ संयुक्त रूप से बैंक खाता खोल सकते हैं। निर्वाचन सम्बन्धी व्यय केवल इसी खाते से किया जायेगा। 20,000/- रूपये से अधिक निर्वाचन व्यय का भुगतान इसी बैंक खाते से चैक के माध्यम से किया जायेगा। प्रत्याशी के निर्वाचन क्षेत्र में उसका पोस्टर, बैनर किसी वीडियो वैन पर लगाकर प्रयोग में लाई जाती है तो उसका व्यय प्रत्याशी के खाते में डाला जायेगा।   
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने कहा कि प्रत्याशी रैली व जनसभाओं की पूर्वानुमति अवश्य लें अन्यथा उनके विरूद्ध प्राथमिक सूचना रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि जो अनुमति दी गयी है। उसी के अनुसार प्रचार कार्य किया जाये। उन्होंने बताया कि निर्वाचन के दौरान पूरे जनपद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। प्रत्येक मतदान केन्द्र पर केन्द्रीय सुरक्षा बल व पुलिस तैनात रहेगी। 
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0रा0) श्री राजेश कुमार ने उम्मीदवारों को निर्वाचन व्यय सम्बन्धी भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर जनपद से निर्वाचन लड़ रहे राजनैतिक दलों के प्रत्याशी, उनके प्रतिनिधि तथा सभी आर0ओ0 उपस्थित रहें। राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों व प्रत्याशी व उनके प्रतिनिधियों द्वारा चुनाव प्रचार सम्बन्धी विभिन्न शंकाओं का निराकरण भी प्रेक्षकगण द्वारा किया गया ।  




Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment