गाजियाबाद, ( संवाददाता ) जिला निर्वाचन अधिकारी निधि केसरवानी ने आज लोनी में विभिन्न मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर लोगों से निष्पक्ष एवं स्वतन्त्र मतदान करने की अपील की। उन्होंने आज सुबह प्राथमिक विद्यालय सालेहनगर ब्लाक लोनी के प्राथमिक विद्यालय में बनाये गये मतदान केन्द्र का निरीक्षण किया। जहां पर उन्होंने मतदान केन्द्र पर बी0एल0ओ0 उपस्थित मिले। बी0एल0ओ0 द्वारा मतदाताओं को मतदाता सूची का अवलोकन कराया जा रहा था तथा नये मतदाताओं के बने पहचान पत्र वितरित किये जा रहे थे। जिलाधिकारी ने बी0एल0ओ0 को निर्देशित किया कि मतदाता पहचान पत्र जिसका हो, उसी को दें अथवा उसके परिवार के मुखिया को किसी पड़ोसी या अन्य व्यक्ति को न दें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने इस अवसर पर मतदान केन्द्र पर उपस्थित मतदाताओं से भी भेंट कर निर्वाचन के उद्देश्य से संवेदनशीलता के बारे में जानकारी चाही। मतदाताओं ने बताया कि यहां कोई समस्या नहीं है। निधि केसरवानी ने कहा कि यदि किसी के द्वारा उन्हें लालच या दवाब अपने पक्ष में मतदान करने के लिए दिया जाये तो तत्काल बिना किसी भय के सूचित करें। ऐसे तत्वों के विरूद्ध तत्काल कार्यवाही की जायेगी। पूरे जनपद में स्वतन्त्र एवं निष्पक्ष चुनाव सम्पन्न कराने के लिए असामाजिक एवं अपराधिक तत्वों को चिन्हित कर बड़े पैमाने पर कार्यवाही की जा रही है। स्वतन्त्र मतदान में बाधक किसी को भी बख्शा नहीं जायेगा। इसलिए सभी लोग अपनी पसंद के उम्मीदवार के पक्ष में निर्भीक होकर मतदान करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने लोनी में ही शांति निकेतन इण्टर कालिज में बनाये गये मतदान केन्द्र का निरीक्षण किया। जहां पर पाॅंच बूथ बनाये गये हैं। जिलाधिकारी ने मतदान केन्द्र पर बिजली, पानी आदि सुविधायें सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। यहां पर भी उन्होंने मतदाताओं से मतदान दिवस के दिन अनिवार्य रूप से अपना मतदान करने को कहा। उन्होंने आनंद माडर्न पब्लिक जूनियर हाई स्कूल जवाहर नगर लोनी में भी बनाये गये मतदान केन्द्र का निरीक्षण किया। जहां पर बी0एल0ओ0 उपस्थित मिले तथा मतदाताओं को मतदाता सूची का अवलोकन कराया जा रहा था तथा नये मतदाता पहचान पत्र भी वितरित किये जा रहे थे। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी लोनी प्रेमरंजन सिंह, तहसीलदार लोनी, क्षेत्राधिकारी लोनी आदि अधिकारी भी उपस्थित रहे।


0 comments:
Post a Comment