उप्र में सपा-कांग्रेस गठबंधन होने की संभावना बेहद कम SP-Congress alliance in Uttar Pradesh are likely to be extremely low



लखनऊ/नयी दिल्ली, ( न्यूज नेटवर्क )  उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की संभावना पर शुक्रवार को उस समय संदेह के बादल मंडराने लगे जब प्रदेश के सत्तारूढ़ दल ने 210 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों की सूची घोषित कर दी जिसमें नौ ऐसी सीटें हैं जिन पर वर्तमान में कांग्रेस के विधायक हैं। कांग्रेस ने सपा के इस कदम को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। सपा के उम्मीदवारों की सूची जारी करने के बाद उप्र के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता तथा राज्य प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने संकेत दिये कि चुनाव पूर्व गठबंधन की अब संभावना क्षीण है। सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नन्दा ने लखनऊ संवाददाताओं से कहा कि उनकी पार्टी का मुख्य मकसद आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराना है। इसके लिये कांग्रेस से गठबंधन की कोशिश की गयी लेकिन उसकी तरफ से अभी तक कोई सकारात्मक जवाब नहीं आया है।


उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगर भाजपा को परास्त होते देखना चाहती है तो उसे सपा के फार्मूले को मानना होगा। इस फार्मूले के तहत वर्ष 2012 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस जिन सीटों पर पहले या दूसरे नम्बर पर रही थी, और वे सीटें जिन पर सपा तीसरे, चौथे या पांचवें नम्बर पर रही थी, वे कांग्रेस को दे दी जाएंगी। नन्दा ने कहा कि इस हिसाब से कांग्रेस को 54 सीटें ही मिलनी चाहिये, लेकिन अगर वह गम्भीरता से बातचीत करे तो उसे 25-30 सीटें और दी जा सकती है। सपा कांग्रेस को अधिकतम 85 सीटें दे सकती है। यह पूछे जाने पर कि क्या सपा द्वारा घोषित 191 सीटों में कई वे सीटें हैं, जिन पर वर्ष 2012 के पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी जीते थे, उन्होंने कहा कि अगर गठबंधन होगा तो कांग्रेस जहां जीती है, वह सीट उसे दे दी जाएंगी। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेठी और लखनऊ छावनी सीटें सपा अपने पर ही रखेगी।

दूसरी ओर, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने सपा से गठबंधन के बारे में कहा कि अभी बात बिगड़ी नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘गठबंधन पर चर्चा चल रही है, दोनों ही पार्टी के लोग बात कर रहे हैं, जल्द ही निर्णय हो जाएगा, मेरी समझ से, अभी तक कोई अवरोध तो नहीं है। चुनाव एक लक्ष्य को लेकर लड़े जाते हैं। बाकी सीटों की संख्या का मामला तो हम देख लेंगे।’’ मालूम हो कि सपा ने शुक्रवार को घोषित सूची में गंगोह, शामली, स्वार, विलासपुर, हापुड़, स्याना, खुर्जा, मथुरा तथा किदवई नगर सीटों पर भी अपने प्रत्याशी उतारे हैं। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में ये सभी सीटें कांग्रेस ने जीती थीं। नन्दा ने कहा कि पहले, दूसरे और तीसरे चरण के चुनाव में कुल 208 सीटों पर चुनाव होना है और सपा ने आज 191 सीटों पर ही अपने प्रत्याशी घोषित किये हैं। इस तरह कांग्रेस के लिये 17 सीटें छोड़ी गयी हैं। मालूम हो कि नन्दा ने कल कहा था कि सपा करीब 300 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। ऐसे में माना जा रहा था कि वह कांग्रेस के लिये 100 या 103 सीटें छोड़ सकती है। इस गठबंधन में राष्ट्रीय लोकदल को भी शामिल करने की बात थी, मगर बाद में सपा ने यह इरादा छोड़ दिया था। इस सवाल पर कि क्या कांग्रेस के साथ सपा का गठबंधन मुश्किल हो गया है, नन्दा ने कहा कि यह कहना जल्दबाजी होगी। सपा अब भी कांग्रेस से तालमेल करना चाहती है, लेकिन अपनी शर्तों पर। चुनाव बिल्कुल नजदीक है, ऐसे में सपा और इंतजार नहीं कर सकती। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस के साथ गठबंधन होने पर सपा अमेठी और लखनऊ छावनी सीटें अपने पास ही रखेगी। उसके एवज में वह अपनी एक-एक जीती हुई सीट दे देगी।

नन्दा ने बताया कि सपा अध्यक्ष मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आगामी सोमवार को पार्टी का चुनाव घोषणापत्र जारी करेंगे और फिर बुधवार से वह अपना प्रचार शुरू करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव अखिलेश की अगुवाई और नेतृत्व में लड़ा जाएगा। पार्टी ‘नेताजी का नाम और अखिलेश जी का काम’ के नारे पर चुनाव लड़ेगी। इसके पूर्व, सपा ने विधानसभा चुनाव के शुरुआती तीन चरणों के लिये 191 प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिये। इनमें शिवपाल सिंह यादव को इटावा की जसवन्तनगर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। हालांकि सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के करीबी राज्यसभा सदस्य बेनी प्रसाद वर्मा के बेटे राकेश वर्मा का बाराबंकी रामनगर सीट से टिकट काट दिया गया है। उनके स्थान पर अखिलेश के करीबी मंत्री अरविन्द सिंह गोप को उम्मीदवार बनाया गया है। रामपुर की स्वार सीट से वरिष्ठ मंत्री आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम को टिकट दिया गया है। इसके अलावा माफिया-राजनेता अतीक अहमद का भी कानपुर छावनी सीट से टिकट काटकर मोहम्मद हसन रूमी को प्रत्याशी बनाया गया है। पिछले साल 28 दिसम्बर को सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव द्वारा जारी प्रत्याशियों के सूची में बेनी के बेटे राकेश के साथ-साथ अतीक अहमद को भी शामिल किया गया था। शुक्रवार को घोषित सूची में आजम खां, शाहिद मंजूर और अरविन्द सिंह गोप समेत 12 मंत्रियों को टिकट दिया गया है। घोषित प्रत्याशियों में 52 मुसलमान तथा 19 महिलाएं शामिल हैं।




Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment