नई दिल्ली ,(भाषा) केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 59 प्रशिक्षु कोबरा कमांडोज के सामूहिक रूप से ड्यूटी से गायब हो जाने का हैरतअंगेज मामला सामने आया है। वाकया कल मुगलसराय स्टेशन का है जहां जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में एक प्रशिक्षण केन्द्र में पांच सप्ताह का बेसिक प्रशिक्षण लेकर वापस लौट रहे कोबरा कमांडोज ने अपने गंतव्य स्टेशन गया स्थित 205वें कोबरा यूनिट के मुख्यालय जाने की बजाए अचानक अपनी यात्रा समाप्त करके अपने-अपने घरों की ओर जाने का निर्णय किया।
अधिकारियों ने बताया कि जवानों ने अपने इस फैसले की जानकारी अपने दल के कमांडर को नहीं दी और चुपचाप गायब हो गए। सीआरपीएफ ने इसे ‘अनधिकृत अनुपस्थिति’ करार देते हुए जवानों के खिलाफ कोर्ट ऑफ इनक्वायरी के आदेश दिए हैं। सीआरपीएफ और कमांडो बटालियन फॉर रेजोयूल्ट एक्शन के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि इन जवानों को गया स्थित 205वें कोबरा यूनिट के मुख्यालय में आज पहुंचना था। यहां उनकी बिहार में नक्सल विरोधी अभियानों के लिए आगे की नियुक्ति की जानी थी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षु कमांडोज के साथ ही यात्रा करने वाले प्रशिक्षकों और हवलदारों ने किसी तरह इनसे संपर्क साध कर इनके बारे में मालुमात हासिल की। वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि पूरी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि यह निर्धारित करने की जरूरत है कि कैसे इन जवानों ने एक साथ गायब होने का निर्णय किया। सारे जवान बिहार और उत्तर प्रदेश के हैं।



0 comments:
Post a Comment