- केवाईएस ने क्लासों की समाप्ति और अधूरे कोर्स को लेकर एसओएल अधिकारियों से की मुलाक़ात
- समस्याओं का पूर्ण समाधान न होने तक केवाईएस ने अपना आन्दोलन जारी रखने का किया निर्णय
नई दिल्ली, ( विशेष संवाददाता ) आज, क्रांतिकारी युवा संगठन (केवाईएस) प्रतिनिधियों ने स्कूल ऑफ़ ओपन लर्निंग (एसओएल) अधिकारियों से छात्रों की कक्षाएं खत्म किये जाने को लेकर मुलाकात की| ज्ञात हो कि पिछले रविवार को छात्रों के प्रचंड प्रदर्शन के कारण एसओएल कार्यकारी निदेशक, एच.सी. पोखरियाल को छात्रों और उनकी समस्याओं के सम्बन्ध में संबोधित करना पड़ा था| छात्रों के दबाव में उन्होंने बुधवार को एक प्रतिनिधिमंडल को मिलने के लिए भी बुलाया था| इसी सम्बन्ध में, आज केवाईएस के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसओएल कार्यकारी निदेशक और जॉइंट रजिस्ट्रार, सी.पी.राघव से मुलाकात कर कोर्स खत्म न होने तक क्लास जारी रखने की बात रखी| एसओएल अधिकारियों ने क्लास जारी रखने का वादा किया है और छात्रों की समस्याओं को भी गंभीरता से लिया है| ज्ञात हो कि कम क्लास और कोर्स अधूरा रहना ही ज्यादातर एसओएल छात्रों का परीक्षा में फेल होने का कारण बनता है|
ज्ञात हो कि एसओएल के ऑनर्स कोर्सेज के प्रथम वर्ष के छात्रों की कक्षाएं समाप्त कर दी गयी हैं जबकि छात्रों के पाठ्यक्रम का आधा अंश भी अभी पूरा नहीं हुआ है| प्रथम वर्ष के ऑनर्स छात्रों की कक्षाएं मात्र 13 दिनों के बाद ही ख़त्म कर दी गयी हैं, जबकि ध्यान देने योग्य बात है कि ये 20-30 दिन की कक्षाओं से भी कम है जो एसओएल प्रशासन अपने प्रॉस्पेक्टस में छात्रों को देने की बात करता है|
केवाईएस एसओएल अधिकारियों के क्लास जारी रखने के वादा का स्वागत करता है और आने वाले समय में इन समस्याओं का एक पूर्ण हल ढूँढने के लिए अपने आन्दोलन को और उग्र करेगा| अगर एसओएल छात्रों की मांगों को पूरा नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में केवाईएस अपनी मांगों को मानव संसाधन विकास मंत्रालय और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के समक्ष ले जायेगा|



0 comments:
Post a Comment