पणजी, ( भाषा ) गोवा में भाजपा को आज तब झटका लगा जब राज्य के मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पारसेकर मांद्रे सीट से कांग्रेस उम्मीदवार दयानंद सोपटे से चुनाव हार गए। राज्य की सभी 40 सीटों पर आये परिणाम और रूझानों को देखते हुए सत्ताधारी पार्टी भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर रही।
आम आदमी पार्टी को यहां करारा झटका लगा। आखिरी खबर मिलने तक कांग्रेस 14 पर तथा भाजपा 13 सीटों पर आगे थी और एमजीपी 8 पर आगे चल रही थी। मणिपुर में भाजपा 24 तथा कांग्रेस 21 सीटों पर आगे थी। एलडीएफ 1 तथा अन्य दल 8 सीटों पर आगे थी। मणिपुर व गोवा में सत्ता की चाबी अन्य दलों के हाथ में है। पारसेकर को सोपटे से सात हजार से अधिक वोट से हार का सामना करना पड़ा। अभी तक 15 सीटों के परिणाम घोषित हुए हैं जिनमें से भाजपा को छह, कांग्रेस को चार, गोवा फारवर्ड को दो, महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी, निर्दलीय और राकांपा को एक-एक सीट मिली है।
इस तटवर्ती राज्य के चुनावी मुकाबले में पहली बार उतरने वाली आप सभी सीटों पर दोनों मुख्य प्रतिद्वंद्वियों से पीछे चल रही है।
उप मुख्यमंत्री फ्रांसिस डिसूजा ने मापुसा सीट पर महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी विनोद फड़के पर 6806 वोट से जीत दर्ज की। गोवा फारवर्ड उम्मीदवार विनोद पालयेकर ने शियोली में भाजपा उम्मीदवार एवं राज्य के मंत्री दयानंद मांद्रेकर को हराया। दो अन्य भाजपा उम्मीदवार प्रवीण जयंते और माइकल लोबो ने भी क्रमश: मायेम और कलंगुटे सीटों पर जीत दर्ज की। जयंते ने कांग्रेस के संतोष सावंत को 4974 वोट से, लोबो ने कांग्रेस उम्मीदवार जोसेफ सिक्वेरिया को 4460 वोट से हराया। कांग्रेस के फ्रांसिस सिलवेरिया ने सेंट आंदे, सीट पर भाजपा के रामराव वाघ को 5070 वोट से हराया। महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी के दीपक पवास्कर ने सावर्डे में भाजपा के गणेश गावंकर को 1169 वोट से हराया।
मणिपुर में कांटे की जंग : मणिपुर के मुख्यमंत्री ओकराम सिंह ने भाजपा के एल बसंत सिंह को 10,400 मतों से पराजित कर थोउबाल सीट पर जीत हासिल की। इस सीट से चुनाव लड़ रहीं मानवाधिकार कार्यकर्ता इरोम शर्मिला को महज 90 मत मिले। राज्य में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर रही। दोपहर एक बजे तक के रूझान और परिणामों के मुताबिक कांग्रेस ने नौ सीटों पर जीत दर्ज कर ली थी और उसके उम्मीदवार इतनी ही सीटों पर आगे चल रहे थे। भाजपा के चार उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है और पार्टी 10 सीटों पर आगे चल रही थी।
सिंह ने थोउबाल सीट पर 10,400 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। कांग्रेस नेता अब्दुल नसीर ने लिलोंग सीट पर 1,268 मतों से जीत दर्ज की। के. जयकिशन सिंह (कांग्रेस) ने थांगमेईबांद सीट पर 157 मत के मामूली अंतर से जीत दर्ज की।
कोन्थाऊजम सीट पर भाजपा के सापम रंजन सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के शारत सिंह को 2,772 मतों से पराजित किया। नेशनलिस्ट पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के वाई. जयकुमार सिंह ने 345 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।



0 comments:
Post a Comment