नेपाल सीमा पर तनाव की स्थिति, नेपाल के लोगों ने भारत विरोधी नारे लगाए : एसएसबी Stress on the Nepal border,



नई दिल्ली, ( भाषा )  एसएसबी ने आज कहा कि भारत…नेपाल सीमा पर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में स्थिति अब तक तनावपूर्ण है और नेपाल के लोग भारत विरोधी नारे लगा रहे हैं। हालांकि, इसने अपने जवानों द्वारा गोलीबारी किए जाने की खबरों को खारिज कर दिया है।  वहीं, कथित गोलीबारी से सीमा पार एक व्यक्ति की मौत होने का दावा किया जा रहा है। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के महानिदेशक अर्चना रामसुंदरम ने कहा कि बल के एक उप महा निरीक्षक स्तर के अधिकारी द्वारा तथ्यों का पता लगाने वाली एक जांच करने का भी आदेश भी दिया गया है। उन्होंने कहा, ”हमारे सैनिकों ने हमसे कहा है कि उनकी ओर से कोई गोलीबारी नहीं की गई है लेकिन आरोप गंभीर हैं इसलिए मैंने ‘कोर्ट ऑफ इनक्वायरी’ का आदेश दिया है।” बल ने यहां जारी एक बयान में कहा, ”मीडिया में यह आरोप लगाया गया है कि एसएसबी की गोलीबारी में एक नेपाली नागरिक की मौत हुई है। एसएसबी के संबद्ध अधिकारियों ने किसी तरह की गोलीबारी किए जाने से इनकार किया है।” इसने कहा, ”आज हालात तनावपूर्ण है और काफी संख्या में नेपाली लोग मौके पर फिर से जमा हुए तथा भारत विरोधी नारेबाजी की और पथराव किया। स्थानीय अधिकारी और एसएसबी अधिकारी मौके पर हैं।” विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत ने नेपाल से उस नेपाली नागरिक की पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट मांगी है जो एसएसबी की गोलीबारी में कथित तौर पर मारा गया है। एसएसबी ने कहा कि झड़पें पहले बुधवार को शुरू हुई जब कुछ नेपाली लोग पीलीभीत के बसाई इलाके में खंभा संख्या 200 के पास जमा हुए थे और एक पुलिया बनाने की कोशिश की। उन लोगों को ऐसा करने से रोक दिया गया था चूंकि दोनों ओर के अधिकारी एक संयुक्त भूगर्भीय सर्वेक्षण के बाद ही पुलिया बनाने के लिए राजी हुए थे। हालांकि, कल सुबह एक बार फिर नेपाली लोगों का एक समूह उसी स्थान पर एकत्र हुआ और ड्यूटी पर मौजूद एसएसबी कर्मियों और स्थानीय पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव करना शुरू कर दिया। इसमें कहा गया, ”एसएसबी के नौ कर्मी और 34 भारतीय नागरिक पथराव में घायल हो गए।” इसमें कहा गया है कि स्थानीय पुलिस ने आंसू गैस का एक गोला छोड़ा, जबकि दो गाले नेपाल पुलिस ने कल भीड़ को तितर बितर करने के लिए छोड़े। एसएसबी ने कहा कि लखीमपुर खीरी के जिलाधीश और पुलिस अधीक्षक तथा कंचनपुर के नेपाली अधिकारियों के हस्तक्षेप से स्थिति को काबू किया गया। अधिकारियों ने बताया कि एसएसबी को मृतक युवक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलनी बाकी है और ये खबरें हैं कि उसकी मौत लिवर के रोग के चलते हुई होगी। हालांकि, इस सिलसिले में आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार है।





Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment