नीतीश कैबिनेट के मंत्री खुर्शीद उर्फ फिरोज को 'जय श्रीराम' कहने में कोई गुरेज नहीं - nitish cabinet minister khurshid says i have to say jai shri ram





नई दिल्ली: नीतीश सरकार की कैबिनेट में एक मात्र मुस्लिम मंत्री खुर्शीद उर्फ फिरोज ने कहा है कि उन्हें 'जय श्रीराम' कहने में कोई गुरेज नहीं है. न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक खुर्शीद ने कहा, 'बिहार के विकास और समरसता के लिए मैं 'जय श्री राम' कहूंगा, मुझे यह कहने में कोई हिचक नहीं है. मैं अपने इस कथन से कभी भी कदम पीछे नहीं हटूंगा.' खुर्शीद पश्चिम चंपारण जिले के सिकटा सीट से जदयू के विधायक हैं. यहां गौर करने वाली बात यह है कि देश के कई हिस्सों में जय श्रीराम बोलने को लेकर कई लोग विरोध जता चुके हैं. नीतीश कुमार के महागठबंधन से अलग होने पर आरजेडी नेता और बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा तंज कसते हुए कहा था, 'नीतीश कुमार हे राम से जय श्रीराम बोलने लगे हैं.' नीतीश मंत्रिमंडल में एकमात्र अल्पसंख्यक चेहरा खुर्शीद उर्फ फिरोज को अल्पसंख्यक कल्याण और गन्ना उद्योग विभाग सौंपा गया है.



बिहार में छठी बार मुख्यमंत्री पद संभालने वाले नीतीश कुमार ने शनिवार को मंत्रिमंडल विस्तार करते हुए विभागों का बंटवारा किया था. उपमुख्यमंत्री बने सुशील कुमार मोदी को वित्त, वाणिज्य कर और वन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि विजेंद्र प्रसाद यादव को एकबार फिर ऊर्जा विभाग का दायित्व सौंपा गया है.


भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व में विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता प्रेम कुमार को कृषि विभाग की जिम्मेवारी सौंपी गई है.


नीतीश मंत्रिमंडल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कोटे से 11, जनता दल (यूनाइटेड) से 14 और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) से एक विधायक और विधान पार्षद को जगह दी गई है. लोजपा कोटे से मंत्री बने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस किसी सदन के सदस्य नहीं हैं.



यूपी के सूचना आयुक्त हाफिज उस्मान ने मंच पर लगाए 'जय श्रीराम' के नारे: इसी साल अप्रैल में पड़ोसी राज्य में एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंच से 'जय श्रीराम' के नारे लगाए. ऐसा उन्होंने इसलिए किया क्योंकि आरटीआई के इस कार्यक्रम में हिंदू-मुस्लिम की बात छेड़ने पर एक बीजेपी नेता आपत्ति उठा रहे थे. उत्तर प्रदेश के सूचना आयुक्त हाफिज उस्मान ने यहां बुधवार को सार्वजनिक मंच से 'जय श्रीराम' के नारे लगाकर राजनीतिक क्षेत्र में हलचल मचा दी.



इतना ही नहीं, वह तीन तलाक के विरोध में भी बोले. मुरादाबाद के पंचायत भवन में 'एक शाम आरटीआई कार्यकर्ताओं के नाम' कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राज्य सूचना आयुक्त हाफिज उस्मान में योगी राज के कारण आए बदलाव पर सभी चौंक गए.

Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment