योगी ने केजीएमयू ट्रामा सेंटर का किया निरीक्षण : लिया मरीजों का हाल Yogi inspected the KGMU Trauma Center: Recently visited patients



लखनऊ, ( शान्तिदूत न्यूज नेटवर्क )   उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल राजधानी लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) ट्रामा सेंटर में आग लगने के बाद आज मौके का निरीक्षण किया तथा मरीजों का हाल लिया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी ने केजीएमयू के ट्रामा सेण्टर का दौरा किया। उन्होंने ट्रामा सेण्टर में कल की आग से प्रभावित तलों का निरीक्षण करने के साथ-साथ अन्य तलों पर भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल भी पूछा। साथ ही आग के कारण ट्रामा सेण्टर से शिफ्ट किए गए सभी मरीजों की सारी आवश्यक जांचें तथा इलाज नि:शुल्क कराए जाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से इस दु:खद घटना के दौरान शिफ्टिंग अथवा उसके बाद सदमे से जान गंवाने वाले मरीजों के सम्बन्ध में आख्या मांगने के साथ-साथ मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रऊपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की घोषणा की है। उल्लेखनीय है कि इस घटना में आग से जल कर किसी की भी मृत्यु नहीं हुई है। केजीएमयू के कुलपति एमएलबी भट्ट ने भी बताया कि आग लगने से किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है जो भी मौतें हुई है वह बीमारी के कारण हुई है।

योगी ने ट्रामा सेण्टर का निरीक्षण करने के बाद निकट स्थित शताब्दी चिकित्सालय फेज़-2 में यहां से शिफ्ट किए गए मरीजों से मिलकर उनका भी हालचाल लिया। उन्होंने केजीएमयू के कुलपति एमएलबी भट्ट तथा अन्य पदाधिकारियों को व्यवस्था बहाल करने के साथ-साथ भविष्य में ऐसी घटना की रोकथाम के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने आग लगने के सम्भावित कारणों की भी जानकारी ली। साथ ही, मरीजों को उचित इलाज तथा अन्य सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने महानिदेशक (फायर सेफ्टी) को सभी महत्वपूर्ण अस्पतालों, कार्यालयों, अन्य सरकारी भवनों तथा बहुमंजिला भवनों की फायर सेफ्टी की स्थिति की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। योगी ने पुलिस, प्रशासन, फायर सर्विसेज़ के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, वरिष्ठ चिकित्सकों, रेजीडेण्ट चिकित्सकों एवं अन्य स्टाफ द्वारा मरीजों की सहायता के लिए दिखायी गयी तत्परता के लिए उनकी प्रशंसा की और उन्हें सम्मानित करने की भी घोषणा की।

ज्ञातव्य है कि कल किंग जार्ज मेडिकल विश्वविद्यालय के ट्रामा सेण्टर में आग लगी थी, जिसका तत्काल संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरन्त मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चलाने के निर्देश दिए थे। उन्होंने ट्रामा सेण्टर में भर्ती मरीजों की वैकल्पिक व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री द्वारा मण्डलायुक्त लखनऊ को इस घटना की जांच कर तीन दिन में आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश कल ही दिए जा चुके हैं। उनके द्वारा इस घटना के लिए दोषी व्यक्तियों का उथरदायित्व निर्धारित करने तथा उनके विरऊद्ध कार्वाई करने के भी निर्देश दिए गये हैं।




Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment