दूसरे दिन 622 रन के विशाल स्‍कोर तक पहुंचने में कामयाब भारतीय टीम, श्रीलंका टीम का स्‍कोर दो विकेट पर 50 रन - indiavssri lanka second test live 2nd day in colombo



कोलंबो: चेतेश्‍वर पुजारा और अजिंक्‍य रहाणे के शतकीय पारियों के बाद निचले क्रम के बल्‍लेबाजों के महत्‍वपूर्ण योगदान की बदौलत भारतीय टीम यहां दूसरे टेस्‍ट मैच के दूसरे दिन 622 रन के विशाल स्‍कोर तक पहुंचने में कामयाब हो गई. चायकाल के बाद भारत ने अपनी पारी  158 ओवर में 9 विकेट पर 622 रन बनाकर घोषित की. रवींद्र जडेजा 70 और उमेश यादव 8 रन बनाकर नाबाद रहे. भारतीय टीम के इस स्‍कोर में लगभग सभी खिलाड़ि‍यों ने अहम योगदान दिया. पुजारा के 133 और रहाणे के 132 रन पर आउट होने के बाद रविचंद्रन अश्विन, ऋद्धिमान साहा और रवींद्र जडेजा ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं. इससे पहले, मैच के शुरुआती दिन लोकेश राहुल ने भी 57 रन की पारी खेली थी.  जवाब में 20  ओवर के बाद श्रीलंका टीम का स्‍कोर दो विकेट पर 50 रन है. उपुल थरंगा (0) और दिमुथ करुणारत्‍ने (25)आउट होने वाले बल्‍लेबाज हैं.  कुसल मेंडिस 8 और दिनेश चंदीमल 6 रन बनाकर क्रीज पर हैं.

पारी के दूसरे ही ओवर में श्रीलंका टीम को पहला झटका लग गया. उपुल थरंगा (0) आउट होने वाले बल्‍लेबाज रहे जिन्‍हें रविचंद्रन अश्विन ने केएल राहुल के हाथों कैच कराया. कप्‍तान विराट कोहली ने पहला ओवर मो. शमी से कराने के बाद दूसरे ही ओवर में ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को आक्रमण पर लगा दिया था. श्रीलंका टीम का दूसरा विकेट दिमुथ करुणारत्‍ने (25 रन, 45 गेंद, दो चौके) के रूप में गिरा. करुणारत्‍ने को अश्विन ने स्लिप में अजिंक्‍य रहाणे के हाथों कैच कराया. दूसरा विकेट 33 रन के स्‍कोर पर गिरा.


Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment