उन्नाव, ( संवाददाता ) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को उन्नाव के बीघापुर ओसियां के निराला पीजी काॅलेज से केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सौभाग्य (प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना) का शुभारंभ किया।
इस दौरान उन्होंने बीघापुर गांवों के 30 लाभार्थियों को बिजली कनेक्शन का प्रमाणपत्र दिया। इसके बाद जनसभा को संबोधित किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने जब शपथ लिया था तो उन्होंने कल्याणकारी योजनाओं को चलाया। हमारी सरकार ने 11 लाख आवास देने का काम कर रही है। आज सबको बिजली देने का प्रमाण दे रहे हैं। पहले मैनपुरी, इटावा, कन्नौज में सिर्फ बिजली मिलती थी, आज घर-घर बिजली देने का काम कर रहे हैं।
सीएम ने कहा कि मुझे यह बताते हुए खुशी है कि प्रदेश में मुफ्त विद्युत कनेक्शन के तहत हमारी सरकार अब तक 21 लाख से अधिक बिजली कनेक्शन दे चुकी है। केंद्र में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में चल रही सरकार को आपने देखा है। उसी तर्ज पर प्रदेश में हम लोग भी कार्य कर रहे हैं।
पहली बार प्रदेश में ऐसा हो रहा है कि जब किसी सरकार ने बिजली वितरण में हो रहे भेदभाव को खत्म कर दिया है। हमारी सरकार ने तय किया कि अगर प्रदेश के किसी कोने में 3 भी घर हैं तो उन्हें बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा। अगर वे न्यूनतम खर्च वहन करेंगे तो उन्हें 24 घंटे बिजली दी जाएगी। 1 अप्रैल 2017 से अब तक अकेले उन्नाव में 947 मजरों में विद्युतीकरण का काम किया गया है।
प्रदेश के हर नागरिक को सहज बिजली मिल सके, इसीलिए आज यहां पर 1200 करोड़ रुपये की लागत से 665 केवी क्षमता के एक उपकेंद्र, 220 क्षमता के एक उपकेंद्र और 132 केवी क्षमता के पांच उपकेंद्रों का लोकार्पण किया गया है।
सीएम योगी ने कहा कि सपा की सरकार में गुंडे मवाली खुलेआम घूमते थे। हमने कांवड़ यात्रा में घंटा और शंख भी बजवाया। हमारी सरकार में जन्माष्टमी हर थाने में मनाई गई। सपा सरकार में अपराधी को लखनऊ में सम्मान दिया जाता था। हमारी सरकार में वो सब भाग गए।
हमारे विधायक सांसद कन्या दान का काम कर रहे हैं। हमारी सरकार में किसी गरीब बेटी की शादी नहीं रुकेगी। हम नौजवानों के लिए नौकरी ला रहे हैं। डेढ़ लाख युवाओं को पुलिस में भर्ती करने जा रहे हैं। पहले जाति की भर्ती होती थी।
जिन घरों में बिजली कनेक्शन नहीं है। इस योजना के तहत कैंप लगाकर उन घरों में कनेक्शन दिया जाएगा। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के 21 जिलों में 24.62 लाख घरों ऐसे हैं, जिनमें बिजली कनेक्शन नहीं हैं। आगरा जनपद में ही 1.66 लाख घरों मं बिजली नहीं हैं। अब सौभाग्य से हर घर रोशन होगा।
सप्ताह में एक दिन लगेगा कैंप
योजना के तहत बिजली विभाग की टीम गांव-गांव जाकर कनेक्शन देगी। सप्ताह में हर गांव में कैंप लगाने के लिए दिन निर्धारित किया जाएगा। एक सप्ताह में एक दिन जाकर उस गांव में कैंप लगाया जाएगा।



0 comments:
Post a Comment