गुजरात में नयी भाजपा सरकार कल लेगी शपथ Gujarat BJP will take oath tomorrow



अहमदाबाद,  (भाषा) गुजरात में मुख्यमंत्री विजय रुपाणी और उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल की अगुवाई में भाजपा की नयी सरकार कल गांधीनगर में एक भव्य कार्यक्रम में शपथ लेगी।

गुजरात भाजपा के अध्यक्ष जीतू वघानी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, भाजपा एवं राजग शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के इस शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचने की संभावना हैं । यहां राज्य सचिवालय के समीप खुले मैदान में शपथ ग्रहण समारोह होगा।

इस कार्यक्रम के लिए कई केंद्रीय मंत्रियों एवं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को भी निमंत्रित किये गये हैं।

वघानी ने कहा, ‘‘हमने संतों और विभिन्न धर्मों के धार्मिक नेताओं को भी उनके आशीर्वाद के वास्ते निमंत्रित किया है।’’ प्रदेश भाजपा नेताओं ने 23 दिसंबर को राज्यपाल ओ पी कोहली से मुलाकात की थी और उनके सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया था। राज्यपाल ने दावा स्वीकार कर भाजपा को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया।

रुपाणी और पटेल 22 दिसंबर को केंद्रीय पर्यवेक्षकों - वित्त मंत्री अरुण जेटली और पार्टी महासचिव सरोज पांडे की उपस्थिति में भाजपा विधायक दल के क्रमश: नेता और उपनेता चुने गये थे। भाजपा ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में 182 सदस्यीय सदन में 99 सीटें जीतकर सामान्य बहुमत हासिल किया था।

वैसे पार्टी की सीटें इस बार 16 कम हो गयी। उसने 2012 में 115 सीटें हासिल की थीं। भाजपा ने गुजरात में लगातार छठी बार विधानसभा चुनाव जीता है।

विपक्षी कांग्रेस ने अपनी सीटें बढ़ाने में कामयाब रही है। उसे 2012 में 61 सीटें मिली थीं, इस बार उसने 77 सीटें जीती हैं। सहयोगियों के साथ मिलकर विधानसभा में उसके पास कुल 80 सीटें हो गयी हैं।



Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment