ब्राजील के मशहूर फुटबॉलर रोनाल्डिन्हो ने की संन्‍यास लेने की घोषणा - ronaldinho retires from professional football




साओ पाउलो: ब्राजील के मशहूर फुटबॉलर रोनाल्डिन्हो ने खेल से संन्‍यास लेने की घोषणा की है. वे वर्ष 2002 में वर्ल्‍डकप जीतने वाली ब्राजील टीम के न केवल सदस्‍य थे बल्कि टीम को चैंपियन बनाने में भी उनका अहम योगदान था. रोनाल्डिन्हो आखिरी बार दो साल पहले पेशेवर फुटबाल खेले थे. पेरिस सेंट जर्मेन और बार्सिलोना क्‍लब के पूर्व स्टार रोनाल्डिन्हो ने आखिरी बार 2015 में फ्लूमाइनेंसे के लिये खेला था.उनके भाई और एजेंट राबर्टो एसिस ने संन्‍यास की पुष्टि करते हुए कहा कि वह (रोनाल्डिन्हो ) अब दोबारा नहीं खेलेंगे.



रोनाल्डिन्हो ने पोर्टो अलेग्रे में अपने कैरियर का आगाज ग्रेमियो के साथ किया, लेकिन फ्रांस के पीएसजी के साथ खेलते हुए उन्हें ख्याति मिली. इसके बाद 2003 से 2008 के बीच वह बार्सीलोना के लिये खेले. रोनाल्डिन्हो ब्राजील टीम में मिडफील्‍डर और फारवर्ड की हैसियत से खेले, उन्‍हें फ्री किक लेने में महारत हासिल थी. उन्हें 2005 में फीफा का वर्ष का सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर चुना गया था.वह 2008 से 2011 के बीच एसी मिलान के लिए खेले जिसके बाद ब्राजील लौटकर फ्लामेंगो और एटलेटिको माइनेइरो के लिए खेले.



ब्राजील के लिये उन्होंने 97 मैच खेलकर 33 गोल दागे जिनमें दो विश्व कप 2002 में किए थे. ऐसी चर्चाएं है कि रोनाल्डिन्हो सियासत में उतर सकते हैं.

Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment