गाजियाबाद, ( प्रमुख संवाददाता ) गाजियाबाद के लोगों का मेट्रो का इंतजार जून तक समाप्त हो जायेगा। दिलशाद गार्डन से नया बस अड्डा तक आठ स्टेशनों के बीच जून से मेट्रो दौड़ने लगेगी। जीडीए उपाध्यक्ष रितु माहेश्वरी ने गुरुवार को दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के मुख्य प्रोजेक्ट मैनेजर के साथ बैठक कर यह निर्देश दिए हैं।
डीएमआरसी दिलशाद गार्डन से नया बस अड्डा तक मेट्रो फेज 2 का विस्तार कर रहा है। इसके निर्माण कार्य को लेकर जीडीए उपाध्यक्ष रितु माहेश्वरी ने डीएमआरसी के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जीडीए उपाध्यक्ष ने डीएमआरसी को निर्देश दिए कि मेट्रो का निर्माण कार्य जून से पहले पूरा कर लिया जाए, ताकि इसे जून में शुरू किया जा सके। मेट्रो का 95 फीसदी काम पूरा हो चुका है। इसमें मुख्य रूप से मेट्रो ट्रैक, स्टेशन, टेलीफोन, केबलिंग आदि का काम लगभग पूरा हो चुका है। इस रूट पर आठ मेट्रो स्टेशन बनना है। डीएमआरसी द्वारा इस रूट पर बनाये जा रहे आठ मेट्रो स्टेशनों में मुख्य रूप से शहीदनगर, राजबाग, राजेंद्रनगर, राजनगर एक्सटेंशन, श्यामपार्क, मोहननगर, अर्थला, नया बस अड्डा, मेट्रो स्टेशन है।
जीडीए और दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के बीच 2014 में मेट्रो फेज-2 परियोजना को लेकर करार हुआ। इस रूट पर आठ मेट्रो स्टेशन बनने हैं। परियोजना को पूरा करने का निर्धारित लक्ष्य जून 2017 था, लेकिन पिछले साल सितंबर में जीडीए की बोर्ड बैठक में यह लक्ष्य दिसंबर 2017 तय किया। अब यह काम जून से पहले पूरा करना है।
इस संदर्भ में जीडीए उपाध्यक्ष रीतु माहेश्वरी का कहना है कि जून तक मेट्रो दिलशाद गार्डन से नया बस अड्ड तक दौड़ने लगेगी। मेट्रो के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। इसके चलने से शहर के लोगों को राहत मिलेगी, साथ ही लोगों को जाम से भी मुक्ति मिलेगी।



0 comments:
Post a Comment