हिंडन डूब क्षेत्र में हुए अवैध निर्माण पर चलेगा बुल्डोजर Hindozone will run on illegal construction in the drowning area



गाजियाबाद, ( प्रमुख संवाददाता )  गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने हिंडन डूब क्षेत्र में निर्माण करने वालों पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। जीडीए के प्रवर्तन अनुभाग के विभिन्न जोनों की टीमों ने हिंडन नदी से सटे करहेड़ा, असालतनगर, कनावनी, इंदिरापुरम नया पुश्ता सहित अन्य स्थानों पर डूब क्षेत्रों में अवैध निर्माणों को चिह्नित किया है। इस डूब क्षेत्र में क्रेशर सहित अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने वालों पर अगले सप्ताह से कार्रवाई शुरू की जाएगी।
बता दें कि जीडीए के प्रवर्तन अनुभाग की ओर से बीते सोमवार राजनगर एक्सटेंशन करहेड़ा में डूब क्षेत्र में बने रामरहीम के आश्रम सहित कुल 10 अवैध निर्माणों को गिरा दिया गया था। जीडीए की कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में हड़कंप मच गया था। डूब क्षेत्र में नए अवैध निर्माणों को रोकने और पुराने निर्माण व व्यावसायिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने का प्राधिकरण के अधिकारियों ने खाका खींचा है। सबसे पहले जीडीए प्रवर्तन अनुभाग की ओर से सबसे पहले जोन आठ में असालतनगर, करहेड़ा सहित अन्य क्षेत्रों में डूब क्षेत्रों के अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जोन छह में इंदिरापुरम नया पुश्ता, कनावनी में चल रहे क्रेशर व अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलेगा। साथ ही जोन पांच में एनएच-24 से सटी कनावनी राहुल विहार की कालोनियों में अब नए निर्माण पर रोक लगाई जाएगी।

हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण के साथ कई नई बस्तियां बसती जा रही हैं। महानगर में कनावनी, हिंडन विहार, नूरनगर, सिहानी, नंदग्राम, मोरटी, करहेड़ा, प्रताप विहार, राहुल विहार सहित कई अन्य क्षेत्रों में डूब क्षेत्रों में बस्तियां बस गई हैं। यहां जीडीए के भेजे गए कई नोटिसों के बावजूद अवैध निर्माण धड़ल्ले से जारी है। प्रताप विहार और कनावनी के आसपास हिंडन नदी सिर्फ एक नाला बनकर रह गई है। इसी का फायदा उठाकर किसानों ने फ्लड जोन में भी प्लाटिंग शुरू कर दी है। एनएच-24 के पास फ्लड जोन में कई बस्तियां बन गई हैं। नदी के दोनों ओर मकान बनाकर सैकड़ों परिवार रह रहे हैं। तमाम प्रयासों के बावजूद यहां पक्के निर्माण पर रोक नहीं लग पा रही है।




Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment