सासाराम, ( शांतिदूत न्यूज नेटवर्क ) सासाराम नगर थाना क्षेत्र के भारतीय स्टेट बैंक के प्रधान शाखा के समीप रेलवे बुकिंग का कैश लूट रहे एक अपराधी को भीड़ ने पीट-पीट कर मार डाला। इस दौरान अपराधियों के फायरिंग में एक शिक्षिका को गोली लग गई तथा रेल कर्मी को पिस्टल के बट में मार बुरी तरह घायल कर दिया।
बताया जाता है कि मंगलवार को दोपहर 12 बजे सासाराम रेलवे का लगभग 24.78 लाख रुपये कैश लेकर स्टेट बैंक में जमा करने जा रहे थे। इसी बीच बैंक के नीचे तीन बाइक सवार अपराधी रुपये से भरा बैग छीनने लगे। कर्मियों ने इसका विरोध किए जिसपर एक अपराधी ने रेल सुराइसर अशोक सिंह को पिस्टल के बट से मार घायल कर दिया। घटना के समय बैंक के अगल-बगल काफी संख्या में लोग मौजूद थे। मौजूद लोग अपराधियों की ओर दौड़ पड़े।
इसी बीच लूटेरों ने फायरिंग कर दी, जिसमे बगल के एक दुकान में खड़ी एक महिला के पैर में गोली जा लगी। बताया जाता है कि लोगों को अपनी ओर आते देख अपराधी भागने लगे। इसी दौरान बाइक से भाग रहे एक अपराधी को भीड़ ने दबोच लिया तथा बेरहमी से पिटाई कर दी। जबकि अन्य दो अपराधी दूसरी बाइक से भाग निकले। घटना के 45 मिनट बाद पुलिस घटनास्थल पर आकर घायल को सदर अस्पताल ले गई जहां इलाज के दौरान घायल अपराधी की मौत हो गई। मृतक सासाराम नगर थाना क्षेत्र के खिड़की घाट मोहल्ले का खेदू गिरी का पुत्र पंकज गिरी बताया जा रहा है।
एएसपी राजेश कुमार ने बताया कि मृतक के पॉकेट से 6 जिंदा कारतूस बरामद की गई है। उन्होंने कहा कि इसका पूर्व में अपराधिक इतिहास रहा है। अन्य अपराधियों के खिलाफ गिरफ्तारी शुरू कर दी गई है।



0 comments:
Post a Comment