साहिबाबाद, ( सर्वोदय शतिदूत ब्यूरो ) राजेंद्र नगर सेक्टर 5 स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में मानव कल्याण सेवा समिति ने अपनी स्थापना की रजत जयंती समारोह उल्लास पूर्वक मनाई। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवियों का स्वागत किया गया तथा महिलाओं और जरूरतमंद दिव्यांगों को जरूरी सामान प्रदान किए गए।
समारोह का शुभारंभ सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। इस अवसर पर समाजसेवी हरि सिंह त्यागी को 1 साल और गीता भेंट कर सम्मानित किया। समारोह के मुख्य अतिथि तथा यूनियन बैंक के पूर्व महाप्रबंधक वीके जैन ने संस्था द्वारा किए जा रहे समाज कल्याण के कार्यक्रमों की सराहना की।
इस अवसर पर समारोह के विशिष्ठ अतिथि तथा महाराजा अग्रसेन भवन के ट्रस्टी कैलाश गोयल ने समिति के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय गोकुल चंद कपूर को याद करते हुए कहा कि यह वट वृक्ष वे लगा गए हैं जो उन के बाद भी लोगों की सेवा उसी तरह से कर रहा है । इस अवसर पर रवीन्द्र जौली तथा दिल्ली शाखा के अध्यक्ष ओपी कपूर ने भी विचार प्रकट किये। अध्यक्षता चांद सचदेव न की।
इस अवसर पर जरूरतमंद महिलाओं को 10 सिलाई मशीन ,दो दिव्यांगों को ट्राई साइकिल के अलावा समाज सेवी संस्थाओं को प्रतिवर्ष दी जाने वाली राशि 10800 रुपए की राशि दी गई। इस अवसर पर मेधावी व गरीब बच्चों के लिए फीस एवं अन्य सामग्री प्रदान की गई । इस अवसर पर निबंध प्रतियोगिता में प्रथम द्वितीय और तृतीय आए छात्रों को नगद पुरस्कार दिये गये तथा चल वैजयंती दयावती स्कूल करहैड़ा को दी गई । साथ ही सरस्वती पब्लिक स्कूल, साहिबाबाद गांव, शंति निकेतन पब्लिक स्कूल, राजीव कालोनी मोहन नगर समेत 30 स्क्ूल के प्राइमरी व जूनियर स्तर पर प्रथम आने वाले छात्रों को भी हर वर्ष की भंति इस वर्ष भी पुरस्कृत किया गया।
वित्त प्रबंधक एमपी गुप्ता ने 2017-18 का लेखा जोखा प्रस्तुत किया तथा संस्था के महासचिव नरेश कपूर, कोषाध्यक्ष एसके लूथरा तथा अध्यक्ष आर के मेहरोत्रा ने आगंतुक अतिथियों का स्वागत किया। पूर्व अध्यक्ष एससी शर्मा, आरपी गौतम एवं वीपी खन्ना ने विशेष सहयोग किया। इस अवसर पर क्षेत्र के बीएल गौड़, अजय रस्तोगी, संतराम बंसल, संजय त्रिपाठी, सतबीर सिंह, पूर्व पार्षद कुसुम सिंह, एस पी सिंह, ओ पी सैनी समेत सैकड़ों गणमान्य स्त्री और पुरुषों ने समारोह में भाग लिया।







0 comments:
Post a Comment