एक समय 133/1 के मजबूत स्कोर पर खेल रही इंग्लैंड के 7 विकेट 181 रन पर गिर गए
लंदन. पांचवें टेस्ट के दूसरे दिन पहली पारी में भारत ने चार विकेट खोकर 118 रन बना लिए हैं। एंडरसन ने लगातार ओवरों में पहले पुजारा (37) और फिर रहाणे को बिना खाता खोले पवेलियन लौटाया। इसी के साथ एंडरसन भारत के खिलाफ टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। फिलहाल कप्तान विराट कोहली 33 और हनुमा विहारी 2 रन बनाकर क्रीज पर हैं। इससे पहले सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (37) को कुरेन ने बोल्ड किया। शिखर धवन 3 रन बनाकर ब्रॉड का शिकार बने।
भारत के खिलाफ टेस्ट में दूसरे सबसे ज्यादा कैच लेने वाले खिलाड़ी बने कुक: अपने आखिरी टेस्ट में रहाणे का कैच लेते ही कुक ने एक नया कीर्तिमान रच दिया। वे भारत के खिलाफ टेस्ट में दूसरे सबसे ज्यादा कैच लेने वाले खिलाड़ी बन गए। पहले नंबर पर सर विव रिचर्डर्स हैं, जिन्होंने भारत के 39 खिलाड़ियों के कैच लिए।
इंग्लैंड के निचले क्रम ने भारत को परेशान किया: इंग्लैंड की टीम दूसरे दिन 330 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। जोस बटलर ने सबसे ज्यादा 89 रन बनाए। उन्हें रवींद्र जडेजा ने पवेलियन लौटाया। इसी के साथ जडेजा ने सीरीज के अपने पहले ही टेस्ट में 4 विकेट हासिल किए। पहले दिन 198 पर 7 विकेट गंवाने के बाद दूसरे दिन खेलने उतरे बटलर ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ साझेदारियां की। पहले रशीद के साथ आठवें विकेट के लिए 34 रन जोड़े और फिर ब्रॉड के साथ 98 रन की पार्टनरशिप की। यह नौवें विकेट पर भारत के खिलाफ इंग्लैंड की सबसे बड़ी साझेदारी रही। इस दौरान बटलर ने अपने टेस्ट करियर का 10वां और इस सीरीज में दूसरा अर्धशतक लगाया। इंग्लैंड के लिए एलिस्टर कुक ने 71 रन और मोइन अली ने 50 रन का योगदान दिया।
ओवल में कुक के 1000 रन: कुक के लिए यह पारी काफी खास रही, उन्होंने सीरीज का अपना पहला अर्धशतक लगाया। पूरी सीरीज में यह किसी भी सलामी बल्लेबाज का पहला अर्धशतक रहा। साथ ही ओवल के मैदान पर एक हजार रन पूरे किए। लॉर्ड्स के बाद यह दूसरा मैदान है जहां कुक ने हजार रन का आंकड़ा पार किया। पहले विकेट के लिए उन्होंने जेनिंग्स के साथ 60 रन जोड़े। यह पांचों टेस्ट में पहले विकेट के लिए इंग्लैंड की सबसे लंबी साझेदारी है। जेनिंग्स को जडेजा ने 23 रन के स्कोर पर पवेलियन लौटाया।
सीरीज में लगातार पांचवां टॉस हारे विराट: सीरीज के आखिरी टेस्ट में इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। विराट कोहली सीरीज के पांचों टेस्ट में टॉस हारे। टीम इंडिया आज दो बदलावों के साथ उतरी। हनुमा विहारी ने आज अपना डेब्यू किया। वह भारत के लिए टेस्ट खेलने वाले 292वें खिलाड़ी बने। वहीं, अश्विन की जगह रवींद्र जडेजा को मौका दिया गया। भारतीय टीम पांच मैचों की सीरीज 3-1 से हार चुकी है।
ओवल में रिकॉर्ड: ओवल में दोनों टीमों ने अब तक 12 टेस्ट मैच खेले हैं। इंग्लैंड ने चार टेस्ट जीते। वहीं, भारत एक टेस्ट ही जीत पाया। 1971 में उसने इंग्लैंड को चार विकेट से हराया था। दोनों टीमों के बीच सात मुकाबले ड्रॉ रहे। ओवल में पिछले दो मुकाबलों की बात करें तो भारत 2011 में यहां पारी और 8 रन और 2014 में पारी और 244 रन से हारी थी।



0 comments:
Post a Comment