राष्ट्रीय सैनिक संस्था के मांग को मोदी ने दी मंजूरी ।
नई दिल्ली, ( सर्वोदय शांतिदूत ब्यूरो ) बाबा साहब आंबेडकर और सरदार पटेल के बाद बीजेपी अब सुभाष चंद्र बोस को भी साधने की जुगत में लग गई है। सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 अक्टूबर को आज़ाद हिंद फौज की 75वीं वर्षगांठ पर लालकिले के अंदर होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां पर पीएम तिरंगा फहराएंगे और आजाद हिंद फौज म्यूजियम का भी उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर सेवानिवृत सैन्य अधिकारी और आजाद हिंद फौज से जुड़े लोग मौजूद रहेंगे। इनमें लालती राम, जागीर सिंह, परमानंद, जगराम और राम गोपाल जैसे स्वतंत्रता सेनानी शामिल हैं।
बता दें कि 21 अक्टूबर 1943 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने सिंगापुर में प्रांतीय आजाद हिंद सरकार की स्थापना की थी। उस समय 11 देशों की सरकारों ने आजाद हिंद सरकार को मान्यता दी थी इस सरकार ने कई देशों में अपने दूतावास भी खोले थे। यहीं नहीं पीएम मोदी 30 दिसंबर को पोर्ट ब्लेयर (अंडमान निकोबार) भी जाएंगे। पोर्ट ब्लेयर में 75 साल पहले 30 दिसंबर को ही 1943 में पहली बार भारतीय जमीन पर सबसे पहले सुभाष चंद्र बोस ने तिरंगा फहराया था।
ये तिरंगा आज़ाद हिंद फौज का था। पीएम मोदी नेताजी द्वारा पहली बार भारतीय भूमि पर तिरंगा फहराए जाने की 75वीं सालगिरह पर पोर्टब्लेयर में होने वाले कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस ऐतिहासिक दिन की याद में पीएम मोदी पोर्टब्लेयर में 150 फीट ऊंचा झंडा भी फहराएंगे। पीएम मोदी नेताजी की याद में एक स्मारक डाकटिकट और सिक्का भी जारी करेंगे। यहां से पीएम सेलुलर जेल भी जाएंगे। बता दें कि इससे पहले बीजेपी बाबा साहेब अंबेडकर और सरदार पटेल जैसे नेताओं की जयंती भी बड़े पैमाने पर मना चुकी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से इसकी मांग राष्ट्रीय सैनिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीर चक्र प्राप्त कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने 15 अगस्त 2018 को संस्था के एक मीटिंग के माध्यम से की थी।
श्री त्यागी ने उस समय प्रधानमंत्री मोदी से मांग करते हुए कहा था कि नेता जी सुभाष चन्द्र बोस लाल किले पर ध्वजारोहण करना चाहते थे। भारत के सर्वोच्च देशभक्त की इच्छा को पूरा करने के लिए आज स्वतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय सैनिक संस्था निवेदन करती है की माननीय प्रधान मंत्री जी आजाद हिन्द सरकार की 75 वी वर्षगांठ पर लाल किले में 21 अक्टूबर 2018 को ध्वजारोहण करे अथवा नेता जी के वंशज श्री चन्द्र कुमार बोस को झंडा फहराने के लिए आमंत्रित करें । उन्होंने बताया कि उस समय सभी जगह सभी लोगों ने सर्वसम्मती से इस प्रस्ताव का समर्थन किया था। उसी समय से यह मांग जोर पकड़ लिया था। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा 21 अक्टूबर को लाल किले से ध्वाजारोहण करने की खुशी जाहिर करते हुए पत्रकारों , सैनिक साथियों व युवाओं को उस दिन पहुंच कर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।



0 comments:
Post a Comment