हमले के डर से उत्तर प्रदेश और बिहार के लोग गुजरात से लगातार पलायन कर रहे हैं। सोमवार को भी पलायन का यह सिलसिला चलता रहा।
अहमदाबाद, ( शांतिदूत न्यूज नेटवर्क ) गुजरात के साबरकांठा जिले में 14 महीने की बच्ची से रेप के बाद वहां गैर गुजरातियों के खिलाफ हिंसा का माहौल बन गया है। गुजरात के विभिन्न हिस्सों में उत्तर भारतीयों पर लगातार हमले हो रहे हैं। हमले के डर से उत्तर प्रदेश और बिहार के लोग गुजरात से लगातार पलायन कर रहे हैं। सोमवार को भी पलायन का यह सिलसिला चलता रहा।
गांधीनगर के अडालज में कांग्रेस के पूर्व नेता और गांधीनगर तालुका पंचायत के सदस्य मोहतजी ठाकोर की उत्तर भारतीयों को धमकाने के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया। गांधीनगर के उवरसद गांव में पर प्रांतियों को धमकाता हुआ वीडियो सामने आया, इसके बाद चार लोगो के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
गृहमंत्री का बयानः गुजरात के गृह राज्यमंत्री प्रदीप सिंह जडेजा ने प्रेस वार्ता में कहा कि अब तक इस मामले में 21 लोगो को गिरफ्तार कर लिया गया है। कुल 57 मामले दर्ज हुए हैं। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह गुजरात को बदनाम करने का प्रयास है।
गृहमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक बातें फैलाने वालों को बख्शा नही जाएगा। उन्होंने कहा कि हम पकड़े गए सभी लोगो से पूछताछ कर रहे हैं। जल्द ही पता चलेगा कि हमले के पीछे कौन है।
उन्होंने बताया कि सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक और सीनियर अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जरिये सूचित किया जा रहा है।
इस बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार से जवाब मांगा है। मुख्यमंत्री विजय रुपाणी के अनुसार पिछले 48 घंटों में कोई हमला नहीं हुआ है।
गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा के अनुसार, हमले के पीछे राज्य सरकार है। इन हमलों में राज्य सरकार का छुपा आशीर्वाद है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में भाजपा विधानसभा चुनाव हार रही है। इस कारण यह सब हो रहा है।
लोगों का पलायन जारी -
केवल साणंद में 4000 हजार से ज्यादा उत्तर भारतीयो ने किया पलायन। साणंद के आसपास की फैक्ट्री बंद। प्रतिदिन हो रहा है करोड़ो का नुकसान। एक अनुमान के अनुसार कुल 10 हजार से अधिक लोग गुजरात छोड़ चुके हैं। गुजरात के विभिन्न इलाकों से लोगों के पलायन की खबरें आ रही हैं।
वडोदरा
वड़ोदरा स्थित वाघोड़िया-जरोद पर कमरोल के पास एक प्राइवेट कंपनी पर पर प्रांतियों पर स्थानीय लोगों का हमला। पुलिसने 16 लोगों को पकड़ा। इस हमले में 6 लोग घायल। घायलों को एसएसजी हॉस्पिटल में दाखिल करवाया गया।
गिर सोमनाथ
गिर सोमनाथ में कोडिनार स्थित छरा गांव में शापूरजी-पलोनजी कंस्ट्रकशन कंपनी में कार्यरत पर प्रांतियों को साथ झड़प। स्थानीय लोगों को रोजगार देने की मांग के साथ कम्पनी का काम बंद करवाया गया।
अहमदाबाद धोलका-वडोदरा हाईवे पर दो कम्पनियों में तोड़फोड़ और लूट की घटना। तीन लोग घायल।
अहमदाबाद जिले के साणंद, चंगोदर समेत कई इंडस्ट्रियल इलाकों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध. 300 एसआरपी जवान समेत 1000 पुलिस बल तैनात।




0 comments:
Post a Comment