भाजपा नीत केंद्र सरकार को उखाड़ फेंके: विपक्ष BJP-led coalition government overthrows: Opposition



कोलकाता,  (वार्ता) केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार को आगामी लोक सभा चुनाव में उखाड़ फेंकने के आह्वान के साथ तृणमूल कांग्रेस प्रमुख एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पहल पर शनिवार को आयोजित रैली में विपक्षी दलों के दिग्गज नेताओं ने अपनी एकता का प्रदर्शन किया। 
इस रैली में कांग्रेस नेता अशोक मनु सिंघवी और लोकसभा में पार्टी के नेता मल्लिकार्जुन खडगे, तेलुगू देशम पार्टी के प्रमुख एवं आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल, द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन, कर्नाटक के मुख्यमंत्री एवं जनता दल (एस) नेता एच डी कुमारस्वामी, नेशनल कांफ्रेंस के प्रमुख एवं जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला, राष्ट्रवादी कांग्रेस पाटी (राकांपा) प्रमुख एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री शरद पवार, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन, राष्ट्रीय लोक दल नेता जयंत चौधरी, लोकतांत्रिक जनता दल नेता शरद यादव,पाटीदार नेता हार्दिक पटेल, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सांसद एवं महासचिव सतीश चन्द्र मिश्रा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ बगावती तेवर अपना रहे वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा, अरुण शौरी तथा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा समेत 23-24 पार्टियों के नेताओं ने श्री मोदी को सत्ता से बेदखल करने का संकल्प व्यक्त किया। यहां ब्रिगेड मैदान में ‘यूनाइटेड इंडिया रैली’ में वक्ताओं ने कहा कि भाजपा ने देश को बांटा हैं और हमारा लक्ष्य देश को एकजुट करना है।
सुश्री बनर्जी ने रैली काे संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार की ‘एक्सपायरी डेट’ आ गयी है। उन्होंने कहा कि लोगों ने अपना मन बना लिया है और भाजपा के अच्छे दिन लौटकर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा,“रैली में 23-24 पार्टियों ने भाग लिया। मोदी सरकार की ‘एक्सपायरी डेट’ आ गयी है।” 
उन्होंने कहा, “श्री मोदी सभी को साथ लेकर चलने में असमर्थ हैं। जो हर किसी को साथ लेकर नहीं चल सकता, वह नेता नहीं हो सकता। यह भाजपा के अंत की शुरुआत है।”
सुश्री बनर्जी ने राज्य भर में रथ यात्रा के नाम पर किसी प्रकार के संभावित दंगे के खिलाफ भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा,“हम जगन्नाथ की रथयात्रा में विश्वास करते हैं। आपका रथ क्या है? हम आपको बंगाल में दंगे भड़काने की अनुमति नहीं देंगे। हम रथयात्रा के नाम पर दंगे की अनुमति नहीं देंगे।”
तृणमूल सुप्रीमो ने कहा, “उन्होंने सीबीआई (केंद्रीय जांच ब्यूरो), प्रवर्तन निदेशालय और भारतीय रिजर्व बैंक को अपमानित किया। उन्होंने बैंकों को कमतर आंका। याद रखिए, यदि आप इस समय भाजपा को वोट देते हैं, तो आपको अपना एक भी पैसा वापस नहीं मिलेगा।”
सुश्री बनर्जी ने कहा, “यह सरकार कानून एवं संविधान समेत सब कुछ बदलने की कोशिश कर रही है और अब इस सरकार को भी बदलना होगा।” उसने कहा, “आप सभी से मेरी अपील है कि कृपया इस बात की चिंता न करें कि अगला प्रधानमंत्री कौन होगा। हम बाद में यह तय कर लेंगे लेकिन अभी जो काम होना है, वह है भाजपा और नरेंद्र मोदी को हराना।”
मुख्यमंत्री ने कहा,“किसानों के पास पैसा नहीं है। नौकरियां नहीं हैं ऐसे में आरक्षण की बात क्या है? हम देश में एक नई सुबह लाने के लिए मिलकर काम करेंगे।
‘भाजपा हटाओ-देश बचाओ’ और ‘जय हिंद-वंदे मातरम’ के नारे के साथ अपने भाषण का अंत करते हुए सुश्री बनर्जी ने कहा कि किसी ने भी इतने फासीवादी तरीके से किसी को सरकार चलाते हुए नहीं देखा होगा। 


Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment