नगर विकास मंत्री ने विकास कार्यो की समीक्षा की
गाजियाबाद, ( प्रमुख संवाददाता ) गाजियाबाद नगर निगम के मुख्य कार्यालय सभागार कक्ष में सुरेश कुमार खन्ना जिला प्रभारी मंत्री, गाजियाबाद व संसदीय कार्य, नगर विकास, शहरी समग्र विकास तथा नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, उ0प्र0 सरकार द्वारा जनपद गाजियाबाद के सभी निकायों, उ0प्र0 जल निगम व डूडा विभाग के अधिकारियों के साथ विकास कार्यो की समीक्षा की गयी।
सर्वप्रथम मंत्री जी द्वारा उ0प्र0 जल निगम के मुख्य अभियन्ता से जनपद गाजियाबाद में चल रही योजनाओं व कार्यो के बारे में जानकारी ली गयी। मुख्य अभियन्ता द्वारा जनपद गाजियाबाद में सीवर व्यवस्था व पेयजल आपूर्ति हेतु बिछायी गयी पाईप लाईन के बारे में बताया गया। मंत्री जी द्वारा मुख्य अभियन्ता को निर्देशित किया गया है कि कार्यो की प्रगति अत्याधिक धीमी है इसमें तीव्रता लायी जाये व निर्धारित समय सीमा मेें कार्यो को पूर्ण करा लिया जाये।
तदोपरान्त नगर विकास मंत्री द्वारा डूडा विभाग में चल रही योजनाओं के बारे में परियोजना अधिकारी डूडा से जानकारी ली गयी। परियोजना अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि प्रधान मंत्री आवास योजनान्तर्गत 13898 लाभार्थियों की डी0पी0आर0 स्वीकृत हो चुकी है जिनमें से 6154 लोगों को उक्त योजना की प्रथम किस्त व 2460 को द्वितीय किस्त दी जा चुकी है। शेष को किस्त दिये जाने की कार्यवाही की जा रही है। इसके अतिरिक्त 5600 लाभार्थियों की ओर डी0पी0आर0 तैयार कर स्वीकृति हेतु शासन को भेजी जा चुकी है जिसकी स्वीकृति अपेक्षित है।
नगर विकास मंत्री खन्ना द्वारा सम्पत्तिकर के बारे में जानकारी ली गयी जिसमें नगर आयुक्त चन्द्र प्रकाश सिंह द्वारा मंत्री जी को अवगत कराया गया कि लक्ष्य के सापेक्ष 31 दिसम्बर, 2018 तक 94 करोड की वसूली की जा चुकी है शेष लक्ष्य की वसूली 31 मार्च, 2019 तक पूर्ण कर ली जायेगी।
नगर विकास मंत्री द्वारा बैठक मे उपस्थित राज्य मंत्री सभी विधायकगणों, महापौर, एवं सभी अधिकारियों को स्वच्छ सर्वेक्षण-2019 में गाजियाबाद नगर निगम को प्रथम स्थान प्राप्त कराने हेतु जनसहभागिता दिलाने हेतु अनुरोध किया गया तथा यह भी सुझाव दिया गया कि सभी सम्बन्धित जहाॅ भी जिस कार्यक्रम में जाये वहाॅ पर स्वच्छ सर्वेक्षण के बारे में आवश्यक रूप से वार्तालाप करके आमजन को जागरूक करें । इसके लिये समाचार-पत्रो में विज्ञापन प्रकाशित किया जाये, रैली निकाली जाये, नुक्कड नाटक किये जाये, चैपाल लगायी जाये इत्यादि के द्वारा प्रचार-प्रसार कर गाजियाबाद को नम्बर एक पायेदान पर लाने का पूर्ण प्रयास किया जाये। अन्त में बैठक में उपस्थित सभी का धन्यवाद देकर नगर विकास मंत्री जी द्वारा बैठक सम्पन्न की गयी।
आयोजित समीक्षा बैठक में राज्य मंत्री अतुल गर्ग , विधायक अजीत पाल त्यागी , सुनील शर्मा , महापौर श्रीमती आशा शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी, नगर आयुक्त, समस्त अपर नगर आयुक्त, जनपद के समस्त नगर निकायो के अधिशासी अधिकारीगण, उ0प्र0 जल निगम के मुख्य अभियन्ता व अधिशासी अभियन्ता तथा नगर निगम के समस्त अधिकारीगण व अभियन्तागण उपस्थित रहें।




0 comments:
Post a Comment