गाजियाबाद, ( सर्वोदय शांतिदूत ब्यूरो ) समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2019 के लिए शुक्रवार को पूर्व में घोषित अपने उम्मीदवार सुरेंद्र कुमार मुन्नी को बदलकर उनके स्थान पर पूर्व विधायक सुरेश बंसल को बसपा-सपा गठबंधन का नया प्रत्याशी घोषित किया है। समाजवादी पार्टी ने आज एक पत्र जारी कर औपचारिक रूप से नए उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है।
गाजियाबाद से बसपा-सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी अब सुरेश बंसल होंगे। सुरेश बंसल ने आज ही सपा ज्वॉइन की है। उन्हें तीन बार के विधायक रह चुके सुरेंद्र कुमार मुन्नी का टिकट काटकर मौका दिया गया है।
कांग्रेस से डाॅली शर्मा को टिकट मिलने के बाद ही यह आम चर्चा शुरू हो गई थी कि इस बार किसी पार्टी ने वैश्य समुदाय को टिकट नहीं दिया हैं। गाजियबाद में वैश्य समुदाय के वोटरों की तादाद काफी है। यहां की राजनीति वैश्य समुदाय के इर्द - गिर्द ही घूमती है। ऐसे में लोग यह मान कर चलने लगे थे कि इस बार सपा अपना प्रत्याशी किसी वैश्य समुदाय से बना सकती है। सपा के इतिहास को देखते हुए यह चर्चा आम थी। हुआ भी वही। इन सभी अटकलों का अंत सुरेश बंसल के सपा प्रत्याशी बनने के साथ ही हो गया है। सुरेश बंसल गाजियाबाद की राजनीति के पुराने खिलाड़ी माने जाते हैं। साल 2012 में वह बसपा के टिकट पर गाजियाबाद से विधानसभा पहुंचे थे, मगर पिछले विधानसभा चुनाव में वह भाजपा के अतुल गर्ग से चुनाव हार गए थे। चुनाव हारने के बावजूद बंसल क्षेत्र में सक्रिय रहे और बहुत उम्मीद की जा रही थी कि गाजियाबाद सीट बसपा के खाते में आने पर वह बसपा के टिकट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे, मगर यह सीट सपा को मिल गई और सपा ने पिछले सप्ताह तीन बार के विधायक सुरेंद्र मुन्नी को अपना प्रत्याशित घोषित कर दिया था।
दूसरी ओर कांग्रेस ने महिला और युवा चेहरे डॉली शर्मा को मैदान में उतारकर ब्राह्मण मतों में सेंधमारी कर दी थी। मंगलवार से गाजियाबाद सीट सपा के बजाय बसपा में खाते में जाने की चर्चा भी शुरू हो गई थी। इस स्थिति में कांग्रेस के पूर्व सांसद और टिकट न मिलने से नाराज सुरेंद्र गोयल व बसपा के पूर्व विधायक सुरेश बंसल अपनी दावेदारी पेश करने लगे थे, लेकिन गाजियाबाद की सीट सपा पर ही रही, मगर सुरेंद्र मुन्नी के स्थान पर सुरेश बंसल को मैदान में उतार दिया। सुरेश बंसल ने आज ही सपा की सदस्यता ग्रहण की है। सपा के बड़े नेताओं का कहना है कि वैश्य मतदाताओं में सुरेश बंसल की अच्छी पकड़ व क्षेत्र में लगातार उनकी सक्रियता के चलते पार्टी ने अंतिम समय में प्रत्याशी को बदला है। सुरेश बंसल 25 मार्च को नामांकन दाखिल करेंगे।
गौरतलब है कि गाजियाबाद से कांग्रेस और भाजपा ने भी अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने जहां युवा डॉली शर्मा को टिकट दिया है, वहीं भाजपा ने केंद्रीय मंत्री जनरल वी.के. सिंह को एक बार फिर मौका दिया है।



0 comments:
Post a Comment