साहिबाबाद, ( सर्वोदय शांतिदूत ब्यूरो ) थाना साहिबाबाद क्षेत्र की कॉलोनी शालीमार गार्डन में स्थित एक निजी स्कूल के 9वीं कक्षा का छात्र क्लास टीचर की डांट और घरवालों के भय के कारण स्कूल की तीसरी मंजिल से कूद गया। इससे छात्र के पैर और जबड़े में गंभीर चोटें आई हैं। इलाज के लिए उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार शालीमार गार्डन में एक प्रतिष्ठित निजी स्कूल के नवी कक्षा के छात्र शिवम की शिकायत साथ पढ़ने वाली लड़की ने प्रधानाचार्य से की थी। प्रधानाचार्य ने मामला क्लास टीचर को सौंप दिया। क्लास टीचर ने लड़के को समझाते हुए डांट लगाई कि अगर वह वाज नहीं आया तो उसके घर वालों को बुलाकर शिकायत की जाएगी । इस बात से घबराकर कि उसके माता-पिता को स्कूल वाले बुलाकर उसकी शिकायत करेंगे, वह परेशान हो गया और स्कूल की तीसरी मंजिल पर चढ़कर उसने नीचे छलांग लगा दी। जब स्कूल प्रबंधकों को इस घटना का पता चला तो उन्होंने तुरंत छात्र को कार में डालकर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसके पैरों में फ्रैक्चर है तथा मुंह का जबड़ा टूट गया है। वह बोलने की स्थिति में नहीं है। बताया जाता है कि इसीतरह की शिकायत को लेकर कुछ समय पहले लड़के के पिता ने उसे डांटा था तथा पिटाई की थी। छात्रों को यही अंदेशा था कि अगर उसकी शिकायत घरवालों से की गई तो उसके माता पिता उसे नहीं बख्सेंगे और पिटाई होगी। इससे उसने घबराकर यह कदम उठाया है।
इस मामले में शालीमार गार्डन चैकी प्रभारी शीलेंद्र सिंह यादव से जब बात की गई तो उन्होंने बताया कि अभी किसी भी पक्ष की ओर से उन्हें इस तरह की कोई शिकायत नहीं मिली है । अगर शिकायत मिलती है तो उसकी जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।



0 comments:
Post a Comment