सर्वोदय शांतिदूत ब्यूरो
वसुंधरा। वसुंधरा सेक्टर 15 स्थित 9 मंजिला शिखर एनक्लेव सोसाइटी में गंगा वॉटर की सप्लाई को यूजीआर से जोड़े लगभग तीन महीने हो गए हैं लेकिन पेय जल के लिए गंगा वॉटर नहीं मिला। इस कारण स्थानीय निवासी अपने आप को ठगा हुआ सा महसूस कर रहे हैं। इसे लेकर लोगों में जलनिगम एवं आवास विकास परिषद के खिलाफ नाराजगी है।
जानकारी के अनुसार हिंडन पार क्षेत्र साहिबाबाद में भूमिगत पानी खारा है। वसुंधरा स्थित सेक्टर 15 शिखर एंकलेव में भी लोग खारा पानी पीने को मजबूर हैं। अथवा उन्हें मीठा पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है । आवास विकास परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा बसाई गई इस अति महत्वाकांक्षी आवासी योजना के समय परिषद ने आवंटियों को फरवरी 2017 से पजेशन देना शुरू कर दिया गया था। यहां 216 फ्लैट हैं जिनमें से लगभग 100 से अधिक फ्लैटों में परिवार बस गये हैं। बाकी परिषद की वायदा खिलाफी के चलते यहां बसने का मन नहीं बना पाए हैं। इस योजना के सन् 2011 में फ्लैट बुक करने के दौरान भी परिषद ने गंगा जल देने का वादा किया था, लेकिन कब्जा देते समय गंगा जल देने की सुध नहीं ली। सोसाइटी में रहने वाले लोगों ने काफी आंदोलन किये लेकिन नतीजा सिफर रहा। गंगा जल के लिए कालोनी को सितम्बर 2019 में यूजीआर को गंगाजल पाइप लाइन से जोड़ा गया था, जिससे निवासियों में गंगाजल मिलने की उम्मीद जगी थी लेकिन गंगाजल दूर का सपना हो रहा है।
आरोप यह है कि यूजीआर का कार्य मानकों के अनुसार संपन्न नहीं किए जाने के चलते पेयजल लाइन टेस्टिंग के समय फेल हो गयी। लाइन में रिसाव ही रिसाव थे,जो अभी तक ठीक नहीं हुए हैं।



0 comments:
Post a Comment