सर्वोदय शांतिदूत ब्यूरो
साहिबाबाद। थाना साहिबाबाद पुलिस ने दिल्ली एनसीआर गाजियाबाद में झपटमारी व वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनसे एक एंड्रॉयड फोन, एक मोटरसाइकिल तथा सवा किलो के करीब नशीला पदार्थ गाजा और कैश बरामद किया है ।
जानकारी के अनुसार एसएसपी गाजियाबाद कलानिधि नैथानी के आदेश पर सीओ बॉर्डर साहिबाबाद डॉक्टर राकेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में थाना साहिबाबाद पुलिस द्वारा बदमाशों के खिलाफ चलाए गए अभियान के अंतर्गत शिव चैक के पास से दो कुख्यात झपटमारों व वाहन चोरों को गिरफ्तार किया गया। इनके नाम अरुण पंडित पुत्र दुष्यंत निवासी शिव मंदिर के पास गली नंबर 3 पंचशील कॉलोनी थाना टीला मोड़ तथा इरफान पुत्र रईस अंसारी किराएदार कलवा का मकान सनी बाजार मुर्गा मार्केट नई सीमापुरी दिल्ली है। पुलिस की पूछताछ में इस गिरोह ने बताया कि वे रात के समय एकांत व सुनसान जगह से गुजरने वाले व्यक्तियों के साथ झपटमारी आदि की घटनाओं को अंजाम देते हैं तथा सुनसान व एकांत में खड़े वाहनों की चोरी करते हैं। खासतौर से दुपहिया वाहनों को चोरी किया करते थे। दोनों ही शातिर किस्म के अपराधी बताए गए हैं तथा अरुण पंडित पहले भी दिल्ली गाजियाबाद के कई थानों से चोरी के अनेक मामलों में जेल जा चुका है।



0 comments:
Post a Comment