शांतिदूत न्यूज नेटवर्क
नयी दिल्ली । देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमितों की संख्या सोमवार की रात 3.38 लाख को पार कर गयी है लेकिन राहत की बात यह है कि सक्रिय मामलों की तुलना में स्वस्थ हुए लोगों की तादाद निरंतर बढ़ती जा रही है।
देश में आज संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 51.23 फीसदी पहुंच गयी जबकि मृत्यु दर केवल 2.85 फीसदी रही। रविवार को मरीजों के स्वस्थ होने की दर 50.76 फीसदी रही जबकि मृत्यु दर केवल 2.85 प्रतिशत रही थी। शनिवार को संक्रमित मरीजों के स्वस्थ होने की दर 49.95 फीसदी पर पहुंच गयी जबकि मृत्यु दर मात्र 2.86 प्रतिशत रही।
‘कोविड19इंडियाडॉटओआरजी’ के आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 338046 मामलों की आज रात तक पुष्टि हो चुकी है। सुबह यह संख्या 332424 थी। अब तक कुल 173182 मरीज स्वस्थ हुये हैं जबकि करीब 9669 लोगों की इस महामारी से मौत हो चुकी है। अन्य 155155 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।
इन आंकड़ों से यह स्पष्ट है कि सक्रिय मामलों की तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या अधिक है। इससे यह भी साफ है कि देश में अब तक कोरोना के जितने मरीज आए हैं उनमें से आधे से अधिक पूरी तरह बीमारी से निजात पा चुके हैं। समय पर कोरोना के संदिग्ध मामलों की जांच और उनका सही तरीके से इलाज इसमें अहम भूमिका निभा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में बताया कि भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) भी लगातार अपनी टेस्टिंग क्षमता में बढ़ोत्तरी कर रही है और इस समय देश में 653 सरकारी प्रयोगशालाएं और 248 निजी प्रयोगशालाएं काम कर रही हैं। इनमें आरटीपीसीआर आधारित 534(347 सरकारी और 187 निजी), ट्रूनेट आधारित 296 (281 सरकारी और 15 निजी) और सीबीएनएएटी आधारित 71 (25 सरकारी और 46 निजी) प्रयोेगशालाएं कोरोना की जांच में जुटी हैं। पिछले 24 घंटों में 115519 नमूनों की जांच की गई है और अब तक देश में कुल 5774133 कोरोना परीक्षण हो चुके हैं।
इसबीच दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में बेतहाशा बढ़ोतरी के बाद हरकत में आयी केन्द्र सरकार की ओर से कमान संभालते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने आज जहां एक ओर राजधानी के सभी राजनीतिक दलों से राजनीतिक द्वेष भुला एकजुट होकर महामारी से लड़ने की अपील की वहीं दूसरी ओर लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल का दौरा कर स्थिति की समीक्षा की और डाक्टरों तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की हौसला अफजायी भी की। अस्पतालों में मरीजों की देखभाल पर निगरानी रखने के लिए उन्होंने वार्डों में सीसीटीवी लगाने का निर्देश भी दिया।
राजधानी के सभी राजनीतिक दलों ने भी कोरोना की रोकथाम के लिए एकजुट होकर काम करने पर सहमति जतायी है। कोरोना की चुनौती से निपटने के लिए राजधानी के राजनीतिक दलों से एकजुट होने की अपील करते हुए श्री शाह ने कहा, “ हम सभी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में साथ मिलकर इस महामारी से लड़ना है। सभी दलों की एकजुटता से जनता में विश्वास बढेगा और दिल्ली की स्थिति जल्द ही सामान्य होगी। मैं सभी राजनीतिक दलों से अपील करता हूँ कि उनके कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि केंद्र सरकार द्वारा दिल्ली की जनता के लिए किये गए निर्णयों का नीचे तक कार्यान्वयन हो। सबको नये उपायों से दिल्ली में कोरोना की टेस्टिंग को बढ़ाना है।”



0 comments:
Post a Comment