सर्वोदय शांतिदूत ब्यूरो
साहिबाबाद । नगर निगम गाजियाबाद मोहन नगर जोन के वार्ड 37 के सफाई कर्मचारियों ने कोरोना योद्धाओं के ऊपर हमला करने के आरोपी एक दंपति के खिलाफ थाना साहिबाबाद पुलिस द्वारा रिपोर्ट नहीं लिखने के विरोध में थाना साहिबाबाद की शालीमार गार्डन पुलिस चैकी पर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने ऐलान किया है कि यदि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो अभी वार्ड 37 का सफाई का काम ठप किया है फिर पूरे मोहन नगर जोन में सफाई का काम ठप कर दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार शनिवार को सीवर जाम की शिकायत पर विक्रम एनक्लेव कॉलोनी में सीवर जाम को खोलने गए नगर निगम गाजियाबाद के सफाई कर्मचारियों के ऊपर एक दम्पति ने ईंटों से हमला किया था और उन्हें जातिसूचक भद्दे शब्द कहे थे। इस मामले की शिकायत नगर निगम गाजियाबाद के सुपरवाइजर सुनील कुमार पवार व राजेश कुमार ने लिखित रूप से शालीमार गार्डन पुलिस चैकी पर की थी। शिकायत में आरोप लगाया था कि वार्ड 37 विक्रम एनक्लेव कॉलोनी की सर्विस लाइन में जब वे सीवर जाम की समस्या का समाधान करने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने देखा कि प्लाट संख्या 69 के निवासियों ने सर्विस लेन पर अवैध शौचालय बना हुआ है, जिसकी वजह से सीवर का गंदा पानी प्लाट संख्या 68 में जमा हो रहा है और सीवर लाइन अवैध निर्माण के कारण जाम है। अवैध निर्माण के तोड़े जाने के दौरान के प्लाट संख्या 69 निवासी ज्योति प्रसाद पांडे और उनकी पत्नी ने ईटों से उनके ऊपर हमला कर दिया और उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए जातिसूचक शव्द कहे। इस मामले में चैकी इंचार्ज शालीमार गार्डन शशि चैधरी मौके पर तो पहुंचे लेकिन उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
हमले की जानकारी मिलने पर नगर निगम मोहन नगर जोन के प्रभारी एसके गौतम ने भी कोरोना योद्धाओं के ऊपर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन आरोप है कि थाना साहिबाबाद पुलिस ने नगर निगम के स्वास्थ्य कर्मियों की शिकायत पर संज्ञान नहीं लिया और रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके विरोध में सफाई कर्मचारियों ने सोमवार को वार्ड 37 की सफाई व्यवस्था को ठप कर साहिबाबाद थाने की पुलिस चैकी शालीमार गार्डन पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने यह घोषणा की कि अगर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी नहीं की गयी तो वे पूरे मोहन नगर जोन में हड़ताल कर सफाई व्यवस्था ठप कर देंगे।
फोटो कैप्शन -पुलिस चैकी पर प्रदर्शन करते नगर निगम के स्वास्थ्य कर्मी।



0 comments:
Post a Comment