सर्वोदय शांतिदूत ब्यूरो
साहिबाबाद। मोहननगर स्थित आईटीएस संस्थान में शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने बेसिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा चयनित सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा चयनित सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा मोहननगर स्थित आईटीएस संस्थान के सभागार में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया था। इस दौरान 534 नवनियुक्त सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गाजियाबाद प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने चयनित पूजा तोमर, अलंकृता श्रीवास्तव, रुचि भारद्वाज, कोमल और पवन को सहायक शिक्षक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
इस दौरान उन्होंने उपस्थित नवनियुक्त सहायक शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में शिक्षकों का विशेष महत्व है। शिक्षक को गुरू अर्थात भगवान का दर्जा दिया गया है। ऐसे में शिक्षकों की जिम्मेदारी समाज के प्रति सबसे ज्यादा गुरुओं पर है। बच्चे भी उन्हें अपने रोल माडल की तरह देखते हैं और शिक्षकों के आचरण और व्यवहार का अनुसरण करते हैं। इसलिए यह कहना गलत नहीं होगा कि शिक्षक देश समुदाय और समाज के माहौल को बदलने का काम भी करते हैं। उन्होंने कहा कि हम आशा करते हैं कि नवनियुक्त सभी सहायक अध्यापक बच्चों की शिक्षा की एक मजबूत नींव रखेंगे। फिलहाल सरकार द्वारा 50 हजार प्राथमिक विद्यालयों का कायाकल्प किया गया है। साथ ही शिक्षकों को नवाचार और एकेडमिक समय बढ़ाने जैसे कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। उन्होंने नवनियुक्त सहायक अध्यापकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। .
इस अवसर पर साहिबाबाद के विधायक सुनील शर्मा, लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर महापौर आशा शर्मा जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी सहित जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।




0 comments:
Post a Comment