ओडिशा के अंगुल जिले में शुक्रवार को एक बस के एक पुल से गिर जाने से 16 लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक गंभीर रूप से घायल हो गये। डीजीपी के बी सिंह ने बताया कि दुर्घटना देउलिक्षारी के नजदीक उस समय घटी जब बौध से अथामल्लिक जा रही एक बस पलट गई। घटना के एक चश्मदीद ने बताया कि ड्राइवर फोन पर बात कर रहा था और तब ही सामने से एक बच्चा साइकिल चलाते हुए आ गया।
चश्मदीद ने बताया, ‘ड्राइवर ने लेफ्ट लेना चाहा और गाड़ी की टक्कर से साइड की रेलिंग टूट गई।’ इसके बाद बस करीब 50 मीटर गहरी खाई में डूब गई। घटना स्थल पर बचाव कार्य की निगरानी करने पहुंचे अंगुल जिला के कलेक्टर अनिल कुमार समल ने बताया कि घायलों को अथामल्लिक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां इनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुये, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को घायलों के इलाज के लिए तुरंत कदम उठाने का निर्देश दिया है।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने घायलों को नि:शुल्क चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि अथामल्लिक कॉलेज के कई छात्र भी बस में यात्रा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किस कारण बस पुल से गिरी लेकिन ऐसा लग रहा है कि चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया हो होगा।



0 comments:
Post a Comment