नई दिल्ली : विकास और विश्वास को कश्मीर की समस्या के समाधान के लिए बेहद अहम बताते हुए प्रधानमंत्री ने शुक्रवार रात उम्मीद जतायी कि घाटी के युवा गुमराह नहीं होंगे। घाटी में चल रही अशांति के बीच उन्होंने कश्मीर को शांति और एकता के साथ आगे ले जाने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि यह असल मायने में धरती का स्वर्ग बना रहे।
एक समाचार चैनल के साथ साक्षात्कार में उन्होंने कहा, ‘(वर्तमान अशांति का) बीज आजादी के दौरान ही बोया गया। हर सरकार को इस समस्या का सामना करना है। यह कोई नई समस्या नहीं है बल्कि पुरानी है।’ उनसे पूछा गया था कि घाटी की समस्या का समाधान कैसे किया जाए।
मोदी ने कहा कि इस समस्या का हल ढूंढा जाएगा। उन्होंने कहा, ‘कश्मीर को विकास और विश्वास की जरूरत है। देश के 125 करोड़ लोग विकास देने को तैयार हैं और विश्वास की कभी कमी नहीं रही।’ उन्होंने कहा कि विकास और विश्वास के आधार पर आगे बढ़ना है और वह इस मोर्चे पर विश्वास से भरे हैं।



0 comments:
Post a Comment