मुंबई, ( संवाददाता ) पत्रकार, न्यूज़ एंकर, रिपब्लिक टीवी के एमडी अर्नब गोस्वामी ने २५ फरवरी २०१७ को मुंबई के टाइटल वेव्स बुक स्टोर, बान्द्रा (पश्चिम), मुम्बई में 'अल्योशा, अ ब्लेज़, लाइक अ शूटिंग स्टार ' नामक पुस्तक का विमोचन किया। यह पुस्तक एक जीवनी है जिसके लेखक हैं - सीएमडीई अरुण कुमार एवीएसएम, एनएम ( सेवानिवृत्त)। दरअसल यह पुस्तक एक पिता की अपने बहादुर बेटे अल्योशा कुमार और बच्चों की शिक्षा के लिए काम कर रहे 'द ब्रेव न्यू वर्ल्ड फाउंडेशन ' के कामकाज के प्रति विनम्र श्रद्धांजलि है।
इस अवसर पर अर्नब गोस्वामी ने कहा कि हम रोजाना अनेक घिनौने अपराधों के बारे में सुनते रहते हैं। ऐसा इसलिए होता है कि कुछ लोग समझते हैं कि वे अपराध कर बच निकलेंगे। अल्योशा कुमार की बेंगलुरू में उस समय बेहद छोटी उम्र में मौत हो गयी,जब वह छेड़छाड़ की शिकार अपने दोस्त की मदद कर रहा था और उस पर चाकुओं से हमला किया गया।दोस्तों की नज़र में अल्योशा हरफनमौला एक साहसी और बहादुर लड़का होने के साथ हमेशा दूसरों का मददगार था। उसी की याद में उसके पिता कमोडोर अरुण कुमार ने ' द ब्रेव न्यू वर्ल्ड फाउंडेशन ' की स्थापना की। इसका मकसद समाज के कमजोर वर्ग के बच्चों की शैक्षिक मदद करना है।अल्योशा का जन्म रूस में हुआ था। अल्योशा का मतलब होता है: मानव का रक्षक। अल्योशा कम उम्र में ही बहादुरी के साथ एक ही समय में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अद्भुत प्रतिभा का परिचय दिया। उसकी चमक धूमकेतु जैसी थोड़ी देर ही सही चकाचौंध करने वाली थी। यह कहना है पिता अरुण कुमार का।
पुस्तक को इंप्रिंट फ्रंटियर इंडिया द्वारा श्री जोसेफ पी चाको ने प्रकाशित किया है।प्रस्तावना देव लाहिरी ( लारेंस स्कूल,लवडेल के पूर्व हेडमास्टर) ने लिखी है।अर्नब ने बताया कि रिपब्लिक टीवी जल्द ही चालू हो जायेगा। अर्नब ने अरुण कुमार के फाउंडेशन की भावना को संस्थागत रूप देने का संकल्प जताया। कहा कि गलत के खिलाफ लड़ेंगे और अन्याय नहीं होने देने के लिए काम करेंगे।


0 comments:
Post a Comment