- केवाईएस कार्यकर्त्ता दिल्ली विश्वविद्यालय में एबीवीपी के खिलाफ विरोध रैली में हुए शामिल
- केवाईएस ने शहीद की बेटी के साथ जताई अपनी एकजुटता और की किरन रिजीजू के बयान की कड़ी निंदा
नई दिल्ली, ( विशेष संवाददाता ) केवाईएस कार्यकर्ताओं ने आज खालसा कॉलेज से आर्ट्स फैकल्टी तक एबीवीपी के खिलाफ हुई विरोध रैली में शामिल होकर उसे अपना समर्थन दिया| इस विरोध रैली में हजारों की संख्या में आम छात्रों की एबीवीपी के खिलाफ भागीदारी का केवाईएस स्वागत करता है| केवाईएस शहीद की बेटी के साथ अपना समर्थन व्यक्त करता है, जिसको एबीवीपी द्वारा बलात्कार की धमकी दी गयी| छात्रों और शिक्षकों को पीटने और शहीद की बेटी को बलात्कार की धमकी देने वाले एबीवीपी के गुंडों के समर्थन में अपना बयान देने वाले केंद्रीय राज्य मंत्री, किरन रिजीजू की केवाईएस कड़ी भर्त्सना करता है| ज्ञात हो कि 21 फरवरी को रामजस कॉलेज में एक कार्यक्रम के दौरान एबीवीपी ने पथराव किया था| इसके विरोध में दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रगतिशील छात्रों और शिक्षकों ने अगले दिन विरोध मार्च निकाला था, जिस पर भी पुलिस के सामने एबीवीपी ने हमला और पथराव किया गया| इस पूरे प्रकरण में पुलिस ने एबीवीपी को रोकने की कोशिश नही की और पथराव का गवाह होने के बावजूद उनके खिलाफ एफआईआर भी नहीं दायर किया|
एबीवीपी की यह गुंडागर्दी केंद्र में बीजेपी सरकार के आने के बाद से और भी अधिक बढ़ी है| दिल्ली विश्विद्यालय में जैसे- किरोड़ीमल कॉलेज में फिल्म प्रदर्शनी रुकवा देना, खालसा कॉलेज के छात्रों के द्वारा नाटक मंचन को रोकना या भगत सिंह का शहादत दिवस मना रहे एसओएल छात्र हों, एबीवीपी पहले भी गुंडागर्दी करता रहा है| गौर करने वाली बात है कि दूसरों को ‘देश-विरोधी’ कहकर उनको बात करने से रोकने वाला एबीवीपी देश के संसाधनों को बेचने वाली बीजेपी सरकार के खिलाफ कुछ नहीं बोलती| कैंपस के भीतर जनवादी लोगों के साथ मार-पीट करनाये सब घटनाएँ ए.बी.वी.पी. के छात्र संगठन होने के स्थान पर असामाजिक तत्वों और गुंडों के गढ़ होने की ओर संकेत करती है| कैंपस में इस तरह की घटना का होना दिल्ली विश्वविद्यालय के भीतर छात्रों की सुरक्षा को लेकर तो प्रश्न खड़ा करता ही है साथ ही साथ ए.बी.वी.पी के असामाजिक चरित्र और उसकी बढ़ती गुंडागर्दी को भी दिखाता है|
केवाईएस मांग करता है कि छात्रों और शिक्षकों पर हमले के ज़िम्मेदार एबीवीपी के लोगों को तुरंत पकड़ा जाए और उनके खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज किया जाए| साथ ही, पुलिस के एबीवीपी के साथ गठजोड़ के ऊपर जांच बिठाई जाए और दोषी पाए गये पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कदम उठाये जाएं| साथ ही, केवाईएस सभी प्रगतिशील छात्रों और संगठनों से आह्वान करता है कि फासीवादी ताकतों के खिलाफ एकजुट हों|



0 comments:
Post a Comment