चंडीगढ़, (भाषा) पंजाब के राज्यपाल वी पी सिंह बदनौर ने निवर्तमान मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के इस्तीफा सौंपने के बाद आज राज्य विधानसभा भंग कर दी।
उन्होंने एक आदेश में कहा, ‘‘भारतीय संविधान के अनुच्छेद 174 की धारा :2: की उप धारा :बी: के तहत मुझे दिए गए अधिकारों का पालन करते हुए, मैं वी पी सिंह बदनौर, पंजाब का राज्यपाल, 12 मार्च, 2017 की दोपहर से प्रभाव के साथ 14वें पंजाब विधानसभा को भंग करता हूं।’’ इससे पहले बादल राज्यपाल से मिले थे और अपनी पार्टी शिरोमणि अकाली दल के विधानसभा चुनाव हारने के बाद उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया।
उससे पहले बादल ने मंत्रिमंडल की एक बैठक की जिसमें विधानसभा को भंग करने का फैसला लिया गया।
शिअद-भाजपा गठबंधन ने हाल में हुए विधानसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन किया। जहां शिअद को 117 सदस्यीय विधानसभा में 15 सीटें मिलीं, वहीं उसकी सहयोगी भाजपा को महज तीन सीटों से संतोष करना पड़ा।’’ कांग्रेस ने कल शिअद-भाजपा गठबंधन के दस सालों के शासन का अंत करते हुए 77 सीटों पर जीत दर्ज की जो दो तिहाई बहुमत से एक कम है।
पहली बार चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी को 20 सीटें मिलीं जबकि उसकी सहयोगी लोक इंसाफ पार्टी :एलआईपी: के खाते में दो सीटें गयीं।
इसी बीच कांग्रेस विधायक दल की एक बैठक चल रही है जिसमें पंजाब प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष एवं पार्टी की तरफ से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार अमरिंदर सिंह का दल का नेता निर्वाचित होना तय है। इसके बाद अमरिंदर अगली सरकार के गठन का दावा पेश करेंगे।
बाद में अमरिंदर राज्यपाल से मिलेंगे और फिर कांग्रेस आलाकमान से चर्चा करने के लिए दिल्ली जाएंगे।



0 comments:
Post a Comment