विपक्षी दलों ने केन्द्र सरकार पर साधा निशाना Opposition parties strike a shock over the Central Government



जयपुर, (भाषा) विपक्षी दलों ने केन्द्र की राजग सरकार पर निशाना साधते हुए आज कहा कि यह सरकार चुनावी वादे पूरे करने में विफल रही है।

पंद्रह विपक्षी दलों के प्रतिनिधियों ने ‘साझा विरासत बचाओं’ सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव में किये गये वादों को पूरे नहीं कर पायी है और युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे है तथा वे निराश है। आम आदमी महंगाई की मार से परेशान है। भाजपा धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का काम कर रही है।

वक्ताओं ने कहा कि संविधान और देश को बचाना पहली जरूरत है। चुनाव में हार-जीत से निपट लेंगे लेकिन देश को बचाने के लिए हमें एकजुट होना होगा। धर्म,पशु के नाम पर वैमनस्यता पैदा की जा रही है । सांझा विरासत बचाओं सम्मेलन ने बता दिया है कि आने वाले समय की राजनीति एक सकारात्मक दिशा की ओर जा रही है।

सम्मेलन को जदयू अध्यक्ष शरद यादव, राकांपा के तारिक अनवर,माकपा के सीताराम येचुरी, कांग्रेस के आनंद शर्मा, सचिन पायलट, राजद के मनोज झा समेत अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने सम्बोधित किया।


इस बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने पंद्रह विपक्षी दलों के साझा सम्मेलन और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस को अपनी धरातल (पहचान) बचाने के लिए विपक्षी दलों का सहारा लेना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आम लोगों का विश्वास खो चुकी है जिस पार्टी ने देश पर कई सालों तक राज किया अब वे अपनी पहचान बचाने की कवायद कर रही है।

परनामी ने संवाददाताओं से कहा कि आम लोग और गरीब लोग समझ चुके है कि भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जो उनका भला कर सकती है। पार्टी इन वर्गो को मुख्य भूमिका में लाने के लिए तेजी से आगे बढ़ रही है। केन्द्र एवं राज्यों की भाजपा सरकारों की योजनाओं और नीतियों के कारण भाजपा के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ रहा है।



Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment