कल राजकीय सम्मान के साथ होगा 'मार्शल ऑफ द इंडियन एयरफोर्स' अर्जन सिंह का अंतिम संस्कार - state funeral tomorrow for arjan singh marshal of indian air force



नई दिल्ली: भारतीय वायु सेना के 'मार्शल ऑफ द इंडियन एयरफोर्स' अर्जन सिंह का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा और उनके सम्मान में यहां कल सभी सरकारी इमारतों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका दिया जाएगा.



'मार्शल ऑफ द इंडियन एयरफोर्स' अर्जन सिंह का अंतिम संस्कार कल सुबह दस बजे यहां बरार स्क्वेयर में किया जाएगा. सिंह का कल सेना के रिचर्स एंड रेफरल अस्पताल में निधन हो गया था. गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने आज बताया, ‘उनका राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार किया जाएगा और दिल्ली में सभी सरकारी इमारतों में अंत्येष्टि के दिन (18 सितंबर) राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका दिया जाएगा.’ अर्जन सिंह वर्ष 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के नायक थे और इकलौते वायु सेना अधिकारी थे जिन्हें ‘फाइव स्टार रैंक’ दिया गया था. उनका 98 वर्ष की उम्र में कल यहां निधन हो गया.

उन्हें 44 वर्ष की आयु में ही भारतीय वायु सेना का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी दी गई जिसे उन्होंने शानदार तरीके से निभाया. वर्ष 1965 की लड़ाई में जब भारतीय वायु सेना अग्रिम मोर्चे पर थी तब वह उसके प्रमुख थे.


अलग-अलग तरह के 60 से भी ज्यादा विमान उड़ाने वाले सिंह ने भारतीय वायु सेना को दुनिया की सबसे शक्तिशाली वायु सेनाओं में से एक बनाने और विश्व में चौथी सबसे बड़ी वायु सेना बनाने में अहम भूमिका निभाई थी. बहुत कम बोलने वाले व्यक्ति के तौर पर पहचाने जाने वाले सिंह ना केवल निडर लड़ाकू पायलट थे बल्कि उनको हवाई शक्ति के बारे में गहन ज्ञान था जिसका वह हवाई अभियानों में व्यापक रूप से इस्तेमाल करते थे. उन्हें 1965 में देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था.


Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment