गाजियाबाद, ( संवाददाता ) थाना मसूरी क्षेत्र के सिमौही गांव के पास बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे के बल पर पशु व्यापारियों से 80 हजार रुपये लूट लिए और विरोध करने पर उन्हें गोली मारने की भी धमकी दी। पीड़ितों ने मामले की शिकायत तुरंत पुलिस से की। पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच कर रही है ।
जानकारी के अनुसार डासना के गांव इनायतपुर में इरफान और आजाद रहते हैं। दोनों पशु व्यापारी हैं। इरफान अपने दोस्त आजाद के साथ आज सुबह आठ बजे बाइक से मसूरी के गांव बंबावड़ में पशु खरीदने जा रहे थे। सिमौही गांव के रास्ते में अपाचे बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर बाइक रुकवा लिया। एक ने तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी और मुंह पर कपड़ा बांधे दो बदमाशों ने इरफान से 45 हजार व आजाद से 35 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद दोनों व्यापारी दहशत में आ गए। लूट की वारदात की सूचना पर मसूरी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। लुटेरों के शिकार व्यापारियों से तीनों लुटेरों के हुलिए और बोलचाल की भाषा के बारे में जानकारी ली। मसूरी थाने के प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र सिंह ने बताया कि लूट की वारदात की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम वहां गई थी। व्यापारियों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर बदमाशों के संबंध में छानबीन की जा रही है।



0 comments:
Post a Comment