हंसल मेहता को उम्मीद, सेंसर से पास होगी फिल्म 'ऑमेर्ता' - Censor Board



अपनी बेहतरीन फिल्में और इन्टेंस कैरक्टर के लिए मशहूर फिल्ममेकर हंसल मेहता अपनी एक और गजब की फिल्म को रिलीज़ करने के लिए तैयार हैं। इस फिल्म का नाम 'ऑमेर्ता' है और इसमें राजकुमार राव मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। यह फिल्म अहमद उमर सईद शेख के ऊपर आधारित है जिसने साल 2002 में अमेरिकी नागरिक और वॉल स्ट्रीट जर्नल के पत्रकार डेनियल पर्ल का अपहरण कर हत्या कर दी थी। अक्टूबर 1994 में शेख को भारत में एक विदेशी नागरिक के अपहरण के जुर्म में गिरफ्तार किया गया था और जिसके बाद उसे कैद में रखा गया था। 5 साल बाद जब आतंकवादियों ने कंधार में इंडियन एयरलाइन्स के विमान को हाइजैक कर लिया था, तब शेख को जेल से रिहा कर दिया गया था। इस फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी सराहना मिल रही है और हाल में इसे मुंबई फिल्म फेस्टिवल में भी प्रदर्शित किया गया था। हालांकि फिल्म के डायरेक्टर इस फिल्म के सिनेमाघरों में रिलीज़ किए जाने से पहले ही सेंसर बोर्ड में इसके फंसने के लिए तैयार हैं। जब इस बारे में हंसल मेहता से पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'देखते हैं। सेंसर बोर्ड में यह फिल्म मुश्किल में फंस सकती है लेकिन मुझे उम्मीद है कि वे (सेंसर बोर्ड) इस फिल्म की गंभीरता को समझेंगे। हम कुछ भी इसे सनसनीखेज बनाने के लिए नहीं करेंगे।'


Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment