केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को हिमाचल भेजने की तैयारी में बीजेपी - jp nadda may be chief minister of himachal pradesh




शिमला: गुजरात में भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री के नामों की घोषणी कर दी, जिसके बाद वहां सरकार गठन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. जबकि हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री के नाम पर भारी कशमकश नजर आ रही है. हालांकि, माना जा रहा है कि आज बीजेपी सीएम के नाम का ऐलान कर देगी.

दरअसल, चुनाव प्रचार के दौरान ही पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने प्रेम कुमार धूमल को सीएम कैंडिडेट घोषित कर दिया था. उनके नेतृत्व में पार्टी ने स्पष्ट बहुमत तो पा लिया, लेकिन वो खुद अपनी सीट बचाने में फेल हो गए. जिसके बाद सीएम कौन बने, इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई.



सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को हिमाचल भेजने की तैयारी की जा रही है. जानकारी आ रही है कि नड्डा को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा, जबकि गुजरात की तरह यहां भी डिप्टी सीएम की पोस्ट क्रिएट की जाएगी और जयराम ठाकुर को ये जिम्मेदारी सौंपी जाएगी.



मुख्यमंत्री के नाम पर रायशुमारी के लिए आज शिमला में विधायकों की बैठक भी ली जा रही है. ये बैठक दोपहर करीब 1 बजे होगी. माना जा रहा है कि गुजरात की तरह इस बैठक से ही सीएम की घोषणा कर दी जाएगी.

इस बैठक में दोनों ऑब्जर्वर रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी रहेंगे. हिमाचल प्रदेश के सभी बीजेपी लोकसभा और राज्यसभा सांसद भी बैठक में मौजूद रहेंगे.



बताया जा रहा है कि बीजेपी प्रेम कुमार धूमल को अप्रैल में राज्यसभा में भेजेगी. जबकि ये भी कहा जा रहा है कि जेपी नड्डा की जगह प्रेम कुमार धूमल या अनुराग ठाकुर को केंद्र सरकार में मंत्री बनाया जा सकता है.

वहीं इस बीच प्रेम कुमार धूमल ने खुद को मुख्यमंत्री की दावेदारी के अलग करते हुए साफ कहा कि इस मामले में पार्टी हाईकमान जो भी निर्णय लेगी, वह माना जाएगा.

नए राजनैतिक समीकरण पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के उस बयान के बाद पैदा हुए, जब उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा कि वह मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल नहीं है. भले ही प्रेम कुमार धूमल मुख्यमंत्री पद की दौड़ से बाहर हैं, लेकिन उनके समर्थक विधायक जयराम ठाकुर के खिलाफ हैं. हालांकि जय राम ठाकुर को पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार के समर्थकों का समर्थन प्राप्त है.

गौरतलब है कि गुरुवार और शुक्रवार को पार्टी की कोर कमेटी की बैठक के दौरान धूमल और जय राम ठाकुर के समर्थकों द्वारा किए गए हंगामे का पार्टी हाईकमान ने कड़ा संज्ञान लिया है. पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने भी शक्ति प्रदर्शन को गलत बताया था और दोनों टीमों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की बात कही थी.




Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment