उत्तर प्रदेश बीजेपी को इसी हफ्ते मिलेगी नई टीम: महेंद्र नाथ पांडेय Uttar Pradesh BJP will get this week: new team: Mahendra Nath Pandey



उत्तर प्रदेश बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने सूबे में किसी तरह के कैबिनेट विस्तार की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि सरकार में मंत्रिमंडल अच्छा काम कर रहा है.

लखनऊ, ( शांतिदूत न्यूज नेटवर्क )  यूपी में भाजपा को नई टीम मिलने जा रही है. फरवरी के प्रथम सप्ताह में टीम का ऐलान होने के संकेत मिले हैं. प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने इस बात का खुलासा किया कि प्रथम सप्ताह में उनकी नई टीम का ऐलान हो जाएगा. यही नही टीम में नए चेहरों को मौका मिलेगा. उत्तर प्रदेश में भाजपा की बहुमत वाली सरकार बनने के बाद से तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य के हटने के बाद पार्टी ने अनुभवी महेंद्र नाथ पांडेय को संगठन की जिम्मेदारी सौंपी.

महेंद्र नाथ पांडेय के पद संभालने के साथ प्रदेश में निकाय चुनावों का माहौल था. लिहाजा संगठन में कोई बदलाव नही किया गया. अब चुनावी प्रक्रिया निपट चुकी और संगठन में कई महत्वपूर्ण पदों पर राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर वर्तमान पदाधिकारी सरकार में दोहरी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. लिहाज़ा एक व्यक्ति एक पद सिद्धांत पर चलते हुए संगठन में ऐसे पदों पर जिम्मेदार व्यक्तियों की नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है. इस संबंध में प्रदेश नेतृत्व की राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ कई दौर की बैठक भी हो चुकी है.

संगठन महामंत्री सुनील बंसल और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र पांडेय इस सम्बंध में मुख्यमंत्री योगी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से परामर्श कर चुके हैं. संगठन में फ़ेरबदल होने जा रहा है लिहाजा सभी की निगाहें इस फ़ेरबदल के संकेतों पर भी नज़र है. ये खबरें थी कि संगठन से कुछ और लोग सरकार में समायोजित किये जायेंगे. फिलहाल प्रदेश अध्यक्ष ने सूबे में किसी तरह के कैबिनेट विस्तार की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि सरकार में मंत्रिमंडल अच्छा काम कर रहा है.

पार्टी का फ़ोकस सरकार की योजनाओं को जनता के बीच ले जाने का है. इसके लिए संगठन कार्ययोजना तैयार कर रहा है. इस संबंध में कल देर शाम पार्टी मुख्यालय और मुख्यमंत्री आवास पर पार्टी के प्रदेश स्तरीय शीर्ष नेतृत्व की महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में निकायों, आयोगों और निगमों में कार्यकर्ताओं नियुक्तियों को लेकर भी चर्चा हुई. पार्टी संगठन में कई पद खाली है तो कई पर नियुक्त पदाधिकारी सरकार में शामिल है. ऐसे में फ़ेरबदल काफी व्यापक होगा.



Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment