गाजियाबाद, ( प्रमुख संवाददाता ) जिलाधिकारी रितु माहेश्वरी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर रीजनल रैपिड ट्रान्जिट काॅरिडोर जो कि दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ काॅरिडोर के नाम से जाना जाता है, के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिये।
उन्होने अधिकारियों से कडे शब्दों में कहा कि अधिकारीगण अपना निजी ध्यान देकर इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को शीघ्रता से आगे बढायें। जिलाधिकारी को चीफ प्रोजेक्ट मेनेजर ने डी0एम0 राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम ने अवगत कराया कि वैशाली से मेरठ तिराहें तक स्थायी पुल 15470 वर्ग मीटर एवं अस्थाई ग्रीन वेल्ट की 82 104 वर्ग मीटर भूमि उपलब्ध कराने हेतु शासन से अनुमति प्रदान किये जाने हेतु पत्र भेजा गया था। नगर निगम द्वारा स्थायी रूप से दी जाने वाली भूमि का क्षेत्रफल 15469.15 वर्ग मीटर है। जिसका मूल्य जिलाधिकारी सर्किल दर के अनुसार 100.41 करोड़ है। जो संस्था द्वारा निगम को देय है।
बैठक में जिलाधिकारी ने इस काॅरिडोर में बनने वाले विभिन्न स्टेशनों की भूमि अधिग्रहण की चर्चा करते हुये निर्देशित किया कि सम्बन्धित अधिकारी किसानों से बेहतर समन्वय बनाकर भूमि अर्जन हेतु कार्यो में प्रगति लाये और उनके करार मूल्य पर विचार विमर्श कर मुआवजे की कार्यवाही शीघ्र प्रारम्भ करें। नगर निगम के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि मेरठ तिराहे से दुहाई तक पोल शिफ्टिग का कार्य पूर्ण कर दिया गया है। नये पोल स्थापित किये जाने हेतु शासन को पत्र भेज दिया गया है । उन्होने निर्देशित किया कि जिन अधिकारियों को जो दायित्व सौपें गये है वो अपने दायित्वों का निर्वहन भली प्रकार से करें। इसमें शिथिलता क्षम्य नही होगी। उन्होने पर्यटन विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया कि हिडंन होटल लीज डीड की अवधि समाप्त हो चुकी है उक्त भूमि का कब्जा गाजियाबाद विकास प्राधिकरण को शीघ्र हस्तान्तरित कर दिया जाये। उन्होने जिला वन अधिकारी को निर्देश दिये कि काॅरिडोर निर्माण में बाधक बन रहे पेड़ों के कटान में तेजी लाये और पेड़ कटान की सूची व पेड़ शिफ्ट किये जाने की सूची पृथक-पृथक उन्हें उपलब्ध करायें। इस काॅरिडोर के मार्ग के बीच में बसन्तपुर सैतली की कब्रिस्तान की भूमि, नाली, चकमार्ग भूमि का पुर्नग्रहण प्रस्तावित है उसके समायोजन की कार्यवाही की जाये। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि आर0आर0टी0एस0 व पुलिस विभाग आपस में समन्वय स्थापित कर पुलिस चैकी बनाने हेतु संयुक्त सर्वे करा लें।
जिलाधिकारी ने मुरादनगर ओर्डिनैंस फैक्ट्री व झिलमिल ढाबे के मध्य पडने वाले पेड़ों व ट्रान्सफार्मरों को शिफ्ट कराने के निर्देश अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मुरादनगर को दिये। आर0आर0टी0एस0 व सिंचाई विभाग के अधिकारियों द्वारा संयुक्त सर्वे किया जा चुका है और भूमि की पैमाईस भी कर ली गयी है। भूमि प्राप्त किये जाने हेतु भूमि स्थानान्तरण प्रस्ताव आर0आर0टी0एस0 के द्वारा सिंचाई विभाग को प्रस्ताव भेजा जाना है जिस पर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रस्ताव जल्दी भेजें सिंचाई विभाग को प्रस्ताव प्राप्त होने पर शासन को सन्दर्भित किया जायेगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी भू0अ0, पुलिस अधीक्षक नगर, मुख्य अभियन्ता जी0डी0ए0, जिला वन अधिकारी, यू0पी0पी0सी0एल0 के अधिकारी, सिंचाई विभाग के अधिकारी, आवास विकास परिषद के अधिकारी व अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद उपस्थित रहे।


0 comments:
Post a Comment